उमाकांत त्रिपाठी। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले पीएम मोदी ने देश की जनता से वादा किया था कि अगर वह तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे तो विकास की गति पहले से और तेज हो जाएगी। बीजेपी ने भी ‘मोदी की गारंटी’ के आधार पर ही लोगों से वोट मांगे थे। हालांकि बीजेपी को उम्मीद से काफी कम सीटें मिली, लेकिन बीजेपी एनडीए के घटक दलों के सहयोग से सरकार बनाने में सफल रही।
वहीं पीएम मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभालने के साथ ही विकास योजनाओं पर काम करना शुरू कर दिया है। उसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय औद्योगिक गलियारा विकास कार्यक्रम (NICDP) के तहत 12 नए प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।
इन राज्यों में बनेंगे शहर
सरकार की एक रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 28,602 करोड़ रुपये के निवेश से ये परियोजनाएं भारत को एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र में बदलने के लिए तैयार हैं। ये नए औद्योगिक क्षेत्र देश भर में रणनीतिक रूप से स्थित होंगे, जिनमें उत्तराखंड में खुरपिया, पंजाब में राजपुरा-पटियाला, महाराष्ट्र में दिघी, केरल में पलक्कड़, उत्तर प्रदेश में आगरा और प्रयागराज, बिहार में गया, तेलंगाना में जहीराबाद, आंध्र प्रदेश में ओरवाकल और कोप्पर्थी, और राजस्थान में जोधपुर-पाली शामिल हैं। इन परियोजनाओं से भारत एक मजबूत वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनेगा। इनसे देश में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। यह कदम ‘मेक इन इंडिया’ पहल को और मजबूत करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने यह फैसला लिया है।
मिलेगी बंपर नौकरी की सौगात
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 12 नए औद्योगिक स्मार्ट शहर बनाने का ऐलान किया है। इन शहरों में रोजगार के लाखों नए मौके पैदा होंगे। कुल 10 लाख सीधे रोजगार और 30 लाख अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। वैष्णव ने बताया कि दुनियाभर से इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल और रक्षा उत्पादों का निर्माण भारत में ट्रांसफर हो रहा है। इन नए औद्योगिक स्मार्ट शहरों से इस बदलाव को और तेजी मिलेगी। ये शहर क्षेत्रीय विनिर्माण केंद्रों के रूप में काम करेंगे और देश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देंगे। हालांकि, आचार संहिता के कारण उन्होंने 12वें शहर के स्थान का खुलासा नहीं किया। लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि यह शहर हरियाणा या जम्मू-कश्मीर में होगा।














