कर्नाटक के बेलगावी में पीएम मोदी की सभा: राहुल गांधी के बयान पर बोले- शहजादे ने किया राजा-महराजाओं का अपमान

कर्नाटक के बेलगावी में पीएम मोदी की सभा: राहुल गांधी के बयान पर बोले- शहजादे ने किया राजा-महराजाओं का अपमान

उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को कर्नाटक के बेलगावी पहुंचे। यहां उन्होंने चुनावी जनसभा में कहा- कांग्रेस को देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। उन्होंने पहले कोरोना वैक्सीन पर सवाल उठाए फिर EVM के बहाने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने की कोशिश की।
प्रधानमंत्री ने कहा- कांग्रेस के शहजादे को हमारे राजा-महाराजाओं के योगदान याद नहीं आते। ये वोटबैंक की राजनीति के लिए राजा-महाराजाओं के खिलाफ बोलने की हिम्मत करते हैं और नवाबों, बादशाहों और सुल्तानों के खिलाफ एक शब्द बोलने की ताकत नहीं है।

पीएम मोदी बोले
उन्होंने कहा- तुष्टिकरण ही कांग्रेस का लक्ष्य और मिशन है। PFI एक राष्ट्र विरोधी संगठन जिसे हमारी सरकार ने प्रतिबंधित कर दिया था, कांग्रेस अपने राजनीतिक फायदे के लिए एक माध्यम के रूप में इसका इस्तेमाल कर रही है। वायनाड (राहुल गांधी की संसदीय सीट) में सिर्फ एक सीट जीतने के लिए कांग्रेस ऐसे आतंकी संगठन का बचाव करने में जुटी है।

8 पॉइंट में पीएम मोदी की अहम बातें

1. कोराना वैक्सीन से लेकर EVM तक हर चीज पर सवाल उठाए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक में 4 रैलियां करेंगे। सबसे पहले वे बेलगावी पहुंचे। यहां उन्होंने कहा- भारत जब मजबूत होता है तो हर भारतीय खुश होता है लेकिन कांग्रेस देशहित से इतना दूर हो चुकी है कि उसे देश की उपलब्धियां अच्छी नहीं लगती। भारत की हर सफलता पर उन्हें शर्म आने लगी है। उन्होंने EVM के बहाने पूरी दुनिया में भारत को बदनाम करने की कोशिश की।

2. हुबली कॉलेज में हत्या हुई, कांग्रेस ने यहां भी तुष्टिकरण किया
PM ने हुबली के एक कॉलेज में 18 अप्रैल को कांग्रेस पार्षद की बेटी नेहा की हत्या की भी चर्चा की। नेहा को सरेआम फयाज ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। उन्होंने कहा- हुबली में कॉलेज कैंपस में जो हुआ उसने देश में भूचाल ला दिया है, उस बेटी का परिवार एक्शन की मांग करता रहा लेकिन कांग्रेस की सरकार तुष्टिकरण के दबाव को ही प्राथमिकता देती है। उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता है।

3. कांग्रेस ने बेंगलुरु कैफे ब्लास्ट को कह दिया सिलेंडर फटा होगा
प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु के कैफे में हुए बम धमाके का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- बेंगलुरु के कैफे में धमाका हुआ तो भी कांग्रेस की सरकार में गंभीरता नहीं आई, उन्होंने यहां तक कह दिया कि गैस का सिलेंडर फटा होगा। कांग्रेस देश की जनता के आंखों में धूल क्यों झोंक रही है?

4. कांग्रेस के शहजादे हमारे राजा-महाराजाओं को अत्याचारी कहते हैं
कांग्रेस के शहजादे का कहना है कि भारत के राजा, महाराजा अत्याचारी थे, वे गरीबों की जमीन छीन लेते थे। कांग्रेस के शहजादे ने छत्रपति शिवाजी महाराज, रानी चिनम्मा का अपमान किया है। कांग्रेस के शहजादे का बयान सोच-समझकर वोट बैंक की राजनीति करने के लिए, तुष्टीकरण के लिए दिया गया बयान है।

5. औरंगजेब ने हमारे मंदिरों को तोड़ा, कांग्रेस उनके समर्थक पार्टियों के साथ
मोदी बोले- कांग्रेस को औरंगजेब के अत्याचार याद नहीं आते, जिसने हमारे सैकड़ों मंदिरों को तोड़ा, अपवित्र किया। कांग्रेस औरंगजेब की गुणगान करने वाली पार्टियों के साथ खुशी से गठबंधन करती है। ये भूल गए, जिन्होंने हमारे तीर्थों को तहस-नहस किया, लूटपाट किया, गौ हत्याएं की।

6. कांग्रेस की नजर स्त्री धन पर, ये एक्स-रे कराने की योजना बना रहे
हम देश की महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों को सशक्त बनाने के लिए काम कर रहे हैं। और दूसरी ओर, कांग्रेस आपकी संपत्ति, आपके सोने, स्त्री धन, मंगलसूत्र और न जाने क्या-क्या का ‘एक्स-रे’ कराने की योजना बना रही है। कांग्रेस का लक्ष्य आपके घरों पर छापे मारना और आपके अधिकारों और संपत्तियों को छीनना है।

7. आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है
कांग्रेस आपकी संपत्ति को अपने पसंदीदा वोट बैंक में बांटने की बात करती है। क्या आप अपनी मेहनत की कमाई किसी को दे देना चाहेंगे? क्या आप कांग्रेस को अपना मंगलसूत्र हड़पने देंगे? नहीं! क्या कोई ‘पंजा’ आपकी संपत्ति लूट सकता है? नहीं। मैं कांग्रेस को सचेत करना चाहता हूं – ये मंसूबे छोड़ दीजिए!

8. दस साल में हमने इज ऑफ लिविंग के लिए काम किया
मोदी ने कहा- पिछले 10 वर्षों में भाजपा, NDA सरकार ने देश के नागरिकों की इज ऑफ लिविंग के लिए बहुत काम किया है। इसका बड़ा उदाहरण भारतीय न्याय संहिता है, कांग्रेस मानसिक रूप से अंग्रेजों की गुलामी में ही जी रही थी। अब भारत में न्याय संहिता में दंड को नहीं बल्कि न्याय देने को प्राथमिकता दी गई है।