खबर इंडिया की।स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन की तर्जनी उंगली (index finger) में फ्रैक्चर हो गया है, जिसके कारण वह एक महीने से अधिक समय तक क्रिकेट से दूर रहेंगे. संजू रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में भी नहीं खेल पाएंगे. उन्हें मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ 5वें टी20 इंटरनेशनल मुकाबले के दौरान उंगली में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद लगी थी.आपकों बता दें कि- सैमसन तिरुवनंतपुरम लौट गए हैं और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (NCA) में रिहैबिलिटेशन पूरा करने के बाद ही ट्रेनिंग शुरू करेंगे. मुकाबलों में वापसी से पहले उन्हें एनसीए की मंजूरी की जरूरत होगी.
मामले की जानकारी रखने वाले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक सूत्र ने बताया,कि-सैमसन की दाहिनी तर्जनी अंगुली में फ्रैक्चर हो गया है. उन्हें नेट पर अभ्यास शुरू करने में 5 से 6 हफ्ते लगेंगे. इसलिए उनके 8 से 12 फरवरी तक पुणे में केरल (जम्मू-कश्मीर के खिलाफ) के लिए रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में खेलने की कोई संभावना नहीं है.
सैमसन का इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में प्रदर्शन निराशाजनक रहा और वह वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं. आर्चर की तीसरी गेंद सैमसन की उंगली पर लगी जो 150 किमी प्रति घंटे के करीब की रफ्तार से फेंकी गई थी.
सैमसन ने इसके बाद एक छक्का और चौका लगाया, लेकिन डग-आउट में वापस आने के बाद सूजन बढ़ गई. स्कैन में फ्रैक्चर का पता चला.
बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 7 मैचों में 3 शतकों की बदौलत टी20 सीरीज की टीम में जगह बनाने वाले सैमसन चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए चुने जाने से चूक गए क्योंकि उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी का एक भी मैच नहीं खेला था.इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज राजस्थान रॉयल्स के कप्तान के लिए निराशाजनक रही जो 5 मैचों में केवल 51 रन बना पाए.
आर्चर, मार्क वुड और साकिब महमूद की शॉर्ट गेंदों ने उन्हें लगातार परेशान किया और वे अधिकतर पावरप्ले के शुरुआती 6 ओवरों में ही आउट हो गए.
चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद भारत को जुलाई के अंत तक कोई भी सीमित ओवरों की सीरीज नहीं खेलनी है इसलिए 30 साल के सैमसन को अपने अगले अवसर के लिए बांग्लादेश में अगस्त में होने वाली सीरीज तक इंतजार करना होगा.














