उमाकांत त्रिपाठी। सऊदी लड़ाकू विमानों ने मंगलवार (22 अप्रैल) को जेद्दा के रास्ते में देश के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया. पीएम मोदी मंगलवार सुबह अपने 2 दिवसीय दौरे के लिए सऊदी अरब के लिए रवाना हुए और दोपहर 3:10 बजे जेद्दा में उतरने के लिए तैयार हैं. वीडियो जो सामने आया, उसमें एक विशेष सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है, जो सऊदी सरकार ने पीएम मोदी को दिया है. बता दें कि 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस बंदरगाह शहर (जेद्दा) में पहली यात्रा होने जा रही है. पीएम मोदी के विमान को सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में रॉयल सऊदी एयर फोर्स के एफ-15 विमानों ने सुरक्षा प्रदान की.
सऊदी से मजबूत होंगे रिश्ते
क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर सऊदी अरब रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक पोस्ट में कहा कि भारत सऊदी अरब के साथ अपने दीर्घकालिक संबंधों को बहुत महत्व देता है. उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में उनके संबंध और अधिक मजबूत तथा रणनीतिक हुए हैं. इसके अलावा उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने रक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा और लोगों के बीच संबंधों के क्षेत्रों सहित पारस्परिक रूप से लाभकारी और ठोस साझेदारी विकसित की है.
सऊदी यात्रा से देश को क्या फायदा.?
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ अगले सप्ताह होने वाली बैठक में व्यापार और निवेश, ऊर्जा और रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा स्थिति और कनेक्टिविटी पहल पर चर्चा होने की उम्मीद है. मिसरी ने एक मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है. इस यात्रा के दौरान मोदी और मोहम्मद बिन सलमान द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी परिषद की दूसरी बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी शाम को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान अल सऊद के साथ अपनी बैठक के दौरान भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए कोटा सहित हज से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा कर सकते हैं.












