खबर टीम इंडिया की। पाकिस्तान से आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की मेजबानी छीननी तकरीबन तय है। विश्व कप 2023 में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान के हाथों से चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी वापस ली जा सकती है या इसे हाइब्रिड मॉडल पर आयोजित किया जा सकता है। दरअसल, इसका कारण भारत सरकार का कड़ा रुख है। अगर भारत सरकार के रुख में बदलाव नहीं होता है तो फिर इस स्थिति में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन दुबई में किया जाएगा। हाइब्रिड मॉडल के तहत भारतीय टीम ने अपने मुकाबले पाकिस्तान के बजाय किसी न्यूट्रल वेन्यू पर खेलेगा। हालांकि, इस टूर्नामेंट की बाकी टीमें पाकिस्तान की सरजमीं पर खेलेंगी, लेकिन टीम इंडिया के मुकाबले किसी न्यूट्रल वेन्यू पर होंगे।
ICC देगी पाकिस्तान को झटका
विश्व कप 2023 के बाद दूसरा सबसे बड़ा इवेंट आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 है। इस टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान में फरवरी-मार्च के महीने में प्रस्तावित है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस इवेंट की तैयारी में भी लगा है लेकिन ताजा रिपोर्टों के मुताबिक ICC पाकिस्तान से चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी छीन सकता है। क्योंकि अब तक आईससीसी ने पाकिस्तान की मेजबानी पर साइन नहीं किए हैं। मसलन, पाकिस्ता क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से साइन करने की मांग की है। वहीं भारत सरकार अभी भी भारतीय क्रिकेट टीम को पाकिस्तान दौरे पर जाने नहीं देना चाहती है। ऐसे में अगर चैंपियंस ट्रॉफी भी एशिया कप की तरह न्यूट्रल वेन्यू पर आयोजित होता है तो यह कोई चौंकने वाली बात नहीं होगी। इससे पहले भी एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान में होना था। लेकिन भारत के एतराज के बाद एशिया कप की मेजबानी श्रीलंका ने की।
पाकिस्तान कर रहा मुआवजे की मांग
पीसीबी सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी अधिकारियों ने BCCI के फिर से अपनी टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार करने की संभावना पर चर्चा की है। पीसीबी का कहना है कि ICC को टूर्नामेंट पर एकतरफा फैसला नहीं लेना चाहिए। पीसीबी अधिकारियों ने कहा कि पिछले 2 साल में कई शीर्ष टीमों ने बिना किसी सुरक्षा चिंता के पाकिस्तान का दौरा किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि अगर भारत टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम नहीं भेजता है और उसके मैच दूसरे देश में कराए जाते हैं तो ICC को इसके लिए पाकिस्तान को मुआवजा देना होगा। उधर आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया पर ICC चेयरमैन ग्रेग बार्कले के नाम एक लेटर लिख कर चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की दावेदारी जताई है।














