खबर इंडिया की। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। चितरंगी थाना क्षेत्र के धानी गांव में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की अचानक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। लड़की को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
View this post on Instagram
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यह पहली घटना नहीं थी। जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले भी यही लड़की हाईटेंशन टावर पर चढ़ गई थी। उस समय पुलिस और ग्रामीणों ने काफी समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा था। लेकिन दोबारा हुई इस घटना ने गांव वालों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना चितरंगी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुदेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़की को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन और लगातार समझाइश के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस दौरान गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा रही और हर कोई लड़की की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की गांव के ही एक लड़के से प्रेम करती है। दोनों ही नाबालिग बताए जा रहे हैं। हालांकि, लड़का इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहा है। थाना प्रभारी के मुताबिक, दोनों रिश्ते में मामा-भांजी लगते हैं, जिसके कारण मामला और ज्यादा संवेदनशील बन गया है।
पुलिस का कहना है कि लड़की एकतरफा प्रेम के चलते मानसिक रूप से परेशान चल रही है। इसी तनाव के कारण उसने लगातार दूसरी बार ऐसा खतरनाक कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस लड़की को अपने साथ थाने लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। साथ ही परिवार और पुलिस की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग भी की जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि कोशिश की जा रही है कि लड़की दोबारा ऐसा कदम न उठाए। वहीं, गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। लगातार दूसरी बार हाईटेंशन टावर पर चढ़ने की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और परिवार के साथ मिलकर लड़की को मानसिक रूप से संभालने का प्रयास किया जा रहा है।














