अपराधन्यूज़भारतराज्यहेडलाइंस

थार के लिए पत्नी का कत्ल, चुपचाप कर रहा था अंतिम संस्कार, ऐसे खुला राज

उमाकांत त्रिपाठी।राजस्थान के भरतपुर जिले में दहेज के लिए कथित हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है. सेवर थाना क्षेत्र की गणेश कॉलोनी में रहने वाली प्रियंका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. मृतका के पति आकाश, जो भाजपा युवा मोर्चा में जिला महामंत्री के पद पर रह चुका है, और उसके परिवार पर मृतका के पिता ने दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है.

 

नदबई थाना क्षेत्र के लुहासा गांव के निवासी मृतका के पिता ओमप्रकाश ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री प्रियंका की शादी 24 नवंबर 2018 को आकाश के साथ धूमधाम से की थी. शादी में करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद विवाह के बाद से ही प्रियंका को दहेज की मांग के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा. ओमप्रकाश के अनुसार, आकाश और उसके परिवार द्वारा थार जीप की मांग कर प्रियंका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था.

ओमप्रकाश ने बताया कि- उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो गई है और ससुराल पक्ष बिना किसी को बताए चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर रहा है. इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवाया.

सेवर थाना प्रभारी सतीश चंद ने बताया कि पुलिस को एक महिला की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी और ससुराल पक्ष शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहा था. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

मृतका के परिजन का आरोप है कि प्रियंका की हत्या दहेज की मांग पूरी न होने के कारण की गई है.परिवार का कहना है कि- उनकी बेटी ने हमेशा प्रताड़ना की जानकारी साझा की थी और पिछले कुछ महीनों में उस पर दबाव बढ़ गया था. फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच की प्रतीक्षा है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष और व्यापक रूप से की जा रही है.

Related Posts

1 of 931

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *