उमाकांत त्रिपाठी।इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने वाली प्रियांशी राव की आत्महत्या मामले में पुलिस ने जांच के बाद उसके प्रेमी और उसकी महिला मित्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रियांशी का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला था।मोबाइल जांच में पुलिस को उसके लिव-इन पार्टनर की महिला मित्र के साथ धमकी भरी वॉट्सऐप चैट मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों को आरोपी बनाते हुए गुरुवार को मामला दर्ज किया।
डिप्रेशन में थी प्रियांशी
पूछताछ में नवीन ने बताया कि- वह और प्रियांशी पहले स्कीम नंबर 54 में साथ रहते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन नवीन की बातचीत भूमि नामक युवती से भी होती थी। इसकी जानकारी प्रियांशी को थी, जिसके कारण दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। प्रियांशी और भूमि के बीच वॉट्सऐप पर कहासुनी भी हुई थी। इसी मानसिक दबाव के चलते प्रियांशी ने आत्महत्या कर ली।पुलिस ने नवीन पुत्र नारायण गौर निवासी होशंगाबाद और भूमि दोनों को आरोपी बनाया है। प्रियांशी मूलतः देवास जिले के बरोठा गांव की रहने वाली थी। इंदौर में वह पढ़ाई के साथ नवीन और अन्य साथियों के साथ एक कैफे भी संचालित करती थी।
नवीन से अलग होकर नए कमरे में रह रही थी
प्रियांशी किसान परिवार से थी। उसकी दो बहनें हैं, एक माता-पिता के साथ रहती है और दूसरी भोपाल में पढ़ाई करती है। आत्महत्या से पहले प्रियांशी डिप्रेशन में थी और रिश्तेदारों की मदद से एक सप्ताह पहले ही नवीन से अलग होकर नया कमरा ले लिया था। उसी दौरान नवीन होशंगाबाद चला गया था और प्रियांशी व भूमि के बीच विवाद हुआ था।
निजी कंपनी के कर्मचारी ने की आत्महत्या
इंदौर के आजाद नगर में एक निजी कंपनी में काम करने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।मृतक की पहचान रवि (22) पुत्र सुखराम सेंगर, निवासी पालदा पवनपुरी के रूप में हुई है। गुरुवार रात करीब 11 बजे आसपास के लोगों ने उसे फंदे पर लटका देखा और रिश्तेदार करण को सूचना दी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।














