न्यूज़भारत

इनसाइड स्टोरी: कोड वर्ड था ‘शुकराना’, जानें भगवंत मान के मंत्री सिंगला कैसे पकड़े गए

पंजाब के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री विजय सिंगला (Vijay Singla) की बर्खास्‍तगी और उसके बाद हुई ग‍िरफ्तारी की चर्चे पूरे देश में है। सीएम भगवंत मान (CM Bhagwant Mann) ने ब‍िना किसी को बताए, ब‍िना किसी के कहे कड़ी कार्रवाई कर जो नजीर पेश की है, उसकी तारीफ हर कोई कर रहा। आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार दिल्‍ली में भी ऐसी कर चुकी है तब अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने 2015 में अपने मंत्री को भ्रष्‍टाचार के आरोप में पद से हटा दिया था और मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। लेकिन विजय सिंगला का भेद खुला कैसे? सीएम मान ने कहा क‍ि पूरे सबूत मिलने के बाद उन्‍हें पद से हटाया गया। इस पूरे प्रकरण की इनसाइड स्‍टोरी क्‍या है?

कैसे खुला मामला?

विजय सिंगला ने एक ठेकेदार से कमीशन मांगा था। ठेकेदार के साथ उनकी बैठक हुई। ठेकेदार ने मीटिंग में हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसकी सूचना पंजाब के सीएम भगवंत मान को दी गई। सीएम को विभाग के एक अफसर ने एक डील के बारे में बताया था। सीएम ने इस पर अफसर की पहचान उजागर ना करने का भरोसा देते हुए सबूत मांगा। अफसर और जिस ठेकेदार से कमीशन मांगा गया था उसने सिंगला के साथ बैठक करते हुए ऑडियो रिकॉर्डिंग की। इसके बाद रिकॉर्डिंग सीएमओ को सौंप दी गई। मान ने इसके बाद सिंगला को अपने पास बुलाकर पूछताछ का फैसला किया।

कमीशन का कोडवर्ड शुकराना

सिंगला को बुलाकर जब मान रिकॉर्डिंग चला रहे थे तो उसके एक शब्‍द आया शुकराना। ये कमीशन का कोडवर्ड था। मंत्री ठेकेदार से अपने भतीजे को शुकराना (कमीशन का कोडवर्ड) देने को कह रहे थे। सिंगला ने यह स्‍वीकार किया क‍ि ये उनकी ही आवाज है। इसके बाद मान ने उन्‍हें तत्‍काल पद से हटाने का फैसला सुनाया। मामले की श‍िकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की गई। जिसके बाद मंगलवार को ही उन्‍हें ग‍िरफ्तार कर लिया गया। मोहाली की अदालत ने विजय सिंगला को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

28 मार्च को कहा था- भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे

मंगलवार को सीएम मान मान ने कहा कि सिंगला स्वास्थ्य विभाग में हर काम और टेंडर के बदले 1% कमीशन मांग कर रहे थे। सिंगला ने 28 मार्च को कहा था कि वे भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने करप्शन पर जीरो टॉलरेंस का दावा भी किया था। मीडिया से बात करते हुए बर्खास्त किए गए हेल्थ मिनिस्टर डॉ. विजय सिंगला ने कहा कि यह उन्हें, पार्टी और आप सरकार को बदनाम करने की साजिश है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सीएम भगवंत मान की तारीफ करते हुए कहा है कि उन्हें इस फैसले पर गर्व है।

कौन हैं विजय सिंगला

52 वर्षीय विजय सिंगला पंजाब के मनसा से विधायक है। उन्‍होंने इसी साल 19 मार्च को मंत्री पद की शपथ ली थी। भगवंता मान की सरकार में उन्‍हें स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री का पद दिया गया था। सिंगला पेशे से डेंटिस्‍ट हैं। वे 2015 में आप में शामिल हुए थे। उन्‍होंने चुनाव में कांग्रेस प्रत्‍याशी और मशहूर सिंगर सिद्धू मूसेवाला को हराया था। उन्‍हें इस विधानसभा चुनाव में सबसे ज्‍यादा वोट मिले थे।


Related Posts

1 of 778

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *