न्यूज़

पीएम मोदी ने जारी की 2 हजार रुपये की 8वीं किस्त, 9.5 करोड़ किसानों को होगा फायदा

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साढ़े 9 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20,000 करोड़ रुपये की 8वीं किस्त जारी कर दी है। पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किसानों को यह किस्त जारी की। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री और कई सांसद भी उपस्थित रहें। पीएम मोदी ने इस दौरान कुछ किसान लाभार्थियों से बातचीत भी की। इसके बाद देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सबसे पहले पूरे देशवासियों को ईद और अक्षय तृतीया की शुभकामनाएं दी।

पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि इस कोरोना काल में भी देश के किसानों ने हमारे कृषि क्षेत्र में अपने दायित्व को निभाते हुए अन्न की रिकॉर्ड पैदावार की है। बंगाल के लाखों किसानों को आज से पहली बार किसान निधि योजना का लाभ मिलना शुरू हुआ है। उनको पहली किस्त मिल गई है. जैसे-जैसे राज्यों से किसानों के नाम केंद्र सरकार को मिलेंगे, वैसे वैसे लाभार्थी किसानों की संख्या और बढ़ती जाएगी।

पीएम मोदी ने आगे कहा, कोरोना काल में भारत दुनिया कि सबसे बड़ी मुफ्त राशन की योजना चला रहा है। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से पिछले वर्ष 8 महीने तक गरीबों को मुफ्त राशन दिया गया था। इस बार मई और जून में देश के 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को राशन मिले, इसका प्रबंध किया गया है।

आपको बता दें कि पीएम-किसान योजना के तहत, लाभार्थी किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये भेजे जाते हैं। जो हर साल चार-चार महीनों के अंतराल पर तीन किस्तों में दिए जाते हैं। यह फंड सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाते हैं। अभी तक सात किस्त मिलाकर किसानों के खातों में करीब 1.5 लाख करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं।

Related Posts

1 of 778

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *