उमाकांत त्रिपाठी। राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का प्रचार तेज हो गया है। राजस्थान में बीजेपी को विजयी दिलाने के लिए पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह खुद मैदान में उतर आए हैं। पिछले 15 दिनों से बीजेपी के सबसे बड़े लीडर मोदी-शाह राज्य में रैलियां और रोड शो कर रहे हैं। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में 4 किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो किया। मोदी 1घंटे16 मिनट में ओपन जीप में 4 किलोमीटर चले। आपको बता दें की इस जिले की तीनों सीटें वर्तमान में कांग्रेस के पास है और ऐसे में पीएम ने उसी क्षेत्र में रोड शो निकाल कर निशाना साधा। हालांकि उनका भाषण नहीं हुआ और वह मौन रहे, लेकिन आपको बता दें की जिस इलाके में बम धमाके हुए थे उसी जगह से मोदी ने अपने रोड शो की शुरुआत की। जीप में मोदी के साथ प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी भी मौजूद रहे। रोड शो में लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बता दें कि राजस्थान में एक ही चरण में 200 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होनी है।
जब भगवामय हो गई गुलाबी नगरी
पीएम नरेन्द्र मोदी के रोड शो के दौरान गुलाबी नगरी कही जाने वाली जयपुर सिटी पूरी तरह से भगवा रंग में रंगी नजर आई। पीएम जयपुर शहर के भीतरी शहर के प्रमुख बाजारों से रथ में निकले, इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी की एक झलक पाने के लिए जयपुराइट्स बेताब नजर आए। फूलों की बारिश के बीच पीएम मोदी रोड शो में लगातार हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते रहे। आपको बता दें कि रोड शो के लिए घर-घर पीले चावल बांटे गए थे। जयपुर शहर में प्रधानमंत्री का यह पहला रोड शा था। लिहाजा रोड शो के दौरान लोगों की भारी भीड़ जुटी। इस दौरान लोगों ने मोदी मोदी के साथ जय श्रीराम के नारे भी लगाए।
जनसभा में पीएम का गहलोत पर निशाना
इससे पहले पीएम मोदी ने जनसभा कर कांग्रेस की राज्य सरकार पर तीखा हमला भी बोला। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की जननी है। मोदी ने कहा कि भाजपा सेवा, सुशासन, विकास, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण की पर्याय है। मोदी ने राजस्थान के कोटा में विजय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ही भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, महंगाई और भाई-भतीजावाद से छुटकारा दिला सकती है। राजस्थान की कांग्रेस सरकार का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। यहां जो जादूगर है, वो चाहे दुनिया भर के जादू कर ले, काला जादू कर ले, लेकिन राजस्थान की जनता के जादू की ताकत के सामने इस जादूगर की कोई ताकत नहीं चलेगी। इसलिए जादूगर के देखते-देखते 3 दिसंबर को यहां से कांग्रेस छूमंतर हो जाएगी।














