खबर इंडिया की। मध्य प्रदेश के जबलपुर से नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। युवती की मौत से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह बेड पर बैठी तड़पती नजर आ रही है और पानी मांग रही है। वहीं ससुराल पक्ष के लोग उसका वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।
View this post on Instagram
वीडियो सामने आने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुरुवार को उन्होंने गांव में टेंट लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और कटंगी-पाटन मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को जहर देकर मार डाला गया। परिजनों के अनुसार, कैमोरी निवासी पूजा साहू की शादी 6 फरवरी 2026 को जबलपुर के लार्डगंज क्षेत्र निवासी निखिल साहू से हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी थी।

मृतका के भाई विनीत साहू ने बताया कि शादी के समय उन्होंने 4 लाख रुपए नकद दिए थे, जबकि ससुराल वालों ने कुल 10 लाख रुपए की मांग की थी।

बाकी 6 लाख रुपए अप्रैल में देने की बात कही गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष लगातार दबाव बना रहा था।परिजनों का आरोप है कि 20 फरवरी को पति, सास, ससुर और ननद पूजा को उज्जैन लेकर गए। 21 फरवरी की सुबह पूजा की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए वीडियो भेजा गया। वीडियो में पूजा की हालत गंभीर दिखाई दे रही थी, लेकिन उसे अस्पताल में भर्ती नहीं कराया गया।

परिवार का आरोप है कि ससुराल वालों ने साजिश के तहत पूजा को जहर देकर मार डाला और बीमारी का बहाना बनाकर वीडियो भेजते रहे।

घटना के बाद परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














