Ujjain Shahi Masjid Row: उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन की शाही मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे हिस्से को हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोमवार को एक बार फिर मौके पर पथराव हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। इससे पहले सुबह भी पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी।
View this post on Instagram
मस्जिद का पूरा ढांचा नहीं हटाया जा रहा है, बल्कि सड़क चौड़ीकरण की सीमा में आ रहा प्रभावित हिस्सा हटाया जाना है। इसी कार्रवाई को लेकर इलाके में विरोध और तनाव की स्थिति बनी हुई है। रिपोर्टों के मुताबिक, मौके पर भारी पुलिस बल और RAF की तैनाती की गई है।
View this post on Instagram
पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
सुबह कार्रवाई के दौरान विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच तनाव बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पथराव शुरू हुआ। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया और हल्का बल प्रयोग किया।
घटना में एक महिला थाना प्रभारी के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए नजर रखने की बात कही है।
10 लोगों पर FIR, बाहर से आए 5 लोग गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। इनमें कुछ सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स के नाम भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
वहीं, पुलिस के अनुसार जिले के बाहर से आए पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा अलग-अलग संगठनों और लोगों के उज्जैन पहुंचने की खबरों के बीच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
मुस्लिम समाज के एक वर्ग ने खुद हटाना शुरू किया हिस्सा
विवाद के बीच मुस्लिम समाज के कुछ लोग मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित हिस्से को खुद हटाने के लिए आगे आए। रिपोर्टों के अनुसार, कुछ लोगों ने मौके पर हथौड़े से प्रभावित हिस्से को हटाने की शुरुआत की।
पुलिस और प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सड़क चौड़ीकरण का काम सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
नमाज के दौरान रोकी गई कार्रवाई
दोपहर में नमाज के समय मस्जिद से जुड़ी कार्रवाई रोक दी गई। इसके बाद इलाके में स्थिति कुछ समय के लिए शांत हुई। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रखा है।
शहर काजी खलीकुर्रे रहमान ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से मौके पर नहीं पहुंचने की अपील की है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से शांति बनाए रखने को कहा गया है।
हाईकोर्ट में अब 30 सितंबर को सुनवाई
मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने से जुड़े मामले में हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई होनी थी। अब सुनवाई 30 सितंबर को होने की जानकारी सामने आई है।
इस बीच प्रशासन सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई और कानून-व्यवस्था दोनों पर नजर बनाए हुए है। विवादित इलाके के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है।
बाजार बंद, आसपास के निजी स्कूलों में छुट्टी
पथराव और तनाव को देखते हुए आसपास के निजी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। वहीं छत्री चौक, सती गेट, सराफा, लखेरवाड़ी, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर के आसपास के बाजार बंद बताए गए हैं।
पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से घरों में रहने और अफवाहों पर भरोसा नहीं करने की अपील की जा रही है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और पूरे इलाके में सुरक्षा बल तैनात हैं।
उज्जैन में शाही मस्जिद का मामला सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान से जुड़ा है। सोमवार को हुए पथराव के बाद प्रशासन के सामने सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के साथ-साथ इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी है।














