खबर टीम इंडिया की। भारत और साउथ अफ्रिका के बीच दूसरा वनडे मुकाबला मंगलवार को शाम 4.30 बजे खेला जाएगा। तीन मैचों की इस वनडे सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने 8 विकेट के बड़े अंतर से जीता था। टीम इंडिया दूसरे मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगी। पहले मैच में भारतीय बॉलिंग ने अफ्रिकन बल्लेबाजों पर कहर बरपाया था। अफ्रिकन पारी सिर्फ 116 रन पर आलआउट हो गई थी, और भारत ने 2 विकेट गंवाकर आसानी से इस टारगेट को हासिल कर लिया था। जिसके चलते आज के मुकाबले में टीम इंडिया का पलड़ा भारी नजर आ रहा है, हालांकि साउथ अफ्रिका की टीम आज के मुकाबले में होम एडवांटेज का फायदा उठा सकती है।
आज के मैच में टीम इंडिया कर सकती है ये बदलाव
पहले मुकाबले में इंडिया की धमाकेदार जीत में सूत्रधार रहने वाले श्रेयस अय्यर ने बचे हुए दो वनडे से रेस्ट लिया है। अपनी शानदार पारी की बदौलत टीम की जीत आसान बनाने वाले अय्यर ने साउथ अफ्रिका में होने वाली टेस्ट सीरीज के मद्देनजर रेस्ट लिया है। ऐसे में धाकड़ बल्लेबाज रिंकू सिंह या रजत पाटीदार को मौका मिल सकता है। वहीं शानदार फॉर्म में चल रही इंडियन बॉलिंग लाइनअप में बदलाव होने की कम ही उम्मीद है। पिछले मैच में पंजा खोलने वाले अर्शदीप सिंह और 4 विकेट चटकाने वाले आवेश खान से पिछला प्रर्दशन दोहराने की उम्मीद होगी। हालांकि, पहले वनडे में बिना कोई विकेट लिए रन लुटाने वाले मुकेश कुमार पर सबकी निगाहें रहेंगी।
बारिश बिगाड़ सकती है खेल
केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम इंडिया अगर दूसरा मैच अभी अपने नाम कर लेती है तो फिर सीरीज उसके नाम होगी। लेकिन इसमें एक पेंच फंस सकता है, हो सकता है कि भारत का सीरीज जीतना का इंतजार बढ़ जाए। इसका कारण बारिश हो सकती है। दूसरा वनडे मैच पोर्ट एलिजाबेथ में खेला जाना है। यहां का मौसम इस समय बारिश वाला है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट की मानें तो पूरे दिन 25 प्रतिशत बारिश का अनुमान है। 37 प्रतिशत बादल छाए रहेंगे। ये हालांकि ज्यादा चिंता की बात नहीं है। बस चिंता की ये है कि क्या पूरे 50 ओवरों का मैच हो पाएगा? बारिश का आनुमान दिन के समय है। ऐसे में अगर सुबह बारिश होती है तो फिर मैच शुरू होने में देरी हो सकती है।













