उमाकांत त्रिपाठी। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आज गुजरात के खेडा जिला मध्यस्थ सहकारी बैंक लिमिटेड, नडियाद की 76वीं वार्षिक बैठक (AGM) को संबोधित किया और 18 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से बने बैंक के नए भवन (सरदार पटेल सहकार भवन) का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED) के अध्यक्ष और गुजरात के सहकारिता मंत्री सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शाह ने गिनाई सरकार की उपलब्धि
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि खेडा जिले से ही देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के यशस्वी मार्गदर्शन में अमूल की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि अमूल ने पूरे देश और विश्व के सामने “सहकारिता से समृद्धि” प्राप्त करने का उदाहरण पेश किया है। अमित शाह ने कहा कि कुछ समय पहले तक खेडा जिला सहकारी बैंक बंद होने की चर्चा हो रही थी, लेकिन आज इस बैंक ने 36,000 स्क्वेयर फीट का अपना भवन निर्माण किया है और सारे ई-बैंकिंग नियमों की कल्पनाओं को साकार किया है।
पैक्स को मजबूत करने आगे आएं सहकारी बैंक
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि जिला सहकारी बैंकों को प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) को मजबूत करने की दिशा में भी सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने 20 अलग-अलग पहल कर पैक्स को मजबूत करने का काम शुरू किया है और जिला सहकारी बैंकों को भी इस काम में आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पैक्स जितने मजबूत होंगे, उतने ही सहकारी बैंक मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने “सहकार से समृद्धि और समृद्धि से सम्पूर्णता” का सूत्र देश की जनता को दिया है। उन्होंने कहा कि इसी के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने आज़ादी के 75 साल बाद पहली बार केन्द्र सरकार में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना की।














