उमाकांत त्रिपाठी। पश्चिम बंगाल की सियासत एक बार फिर गरमा गई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांकुड़ा जिले के बिष्णुपुर में आयोजित एक बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस यानी TMC पर जोरदार हमला बोला। अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने जहां एक तरफ महिलाओं, आदिवासियों और गरीबों के मुद्दे उठाए, वहीं दूसरी तरफ राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार, ‘कट मनी’ और विकास रोकने जैसे गंभीर आरोप लगाए।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और बांकुड़ा की ऐतिहासिक पहचान से की। उन्होंने कहा कि यह धरती कला, संस्कृति और शिल्प की धरती है, जहां टेराकोटा कला की झलक हर कदम पर देखने को मिलती है। लेकिन दुख की बात यह है कि इतने समृद्ध इतिहास और परंपरा के बावजूद यहां के कारीगर और आम लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मोदी ने आरोप लगाया कि TMC सरकार ने बंगाल की जनता को केवल “जुल्म, लूट और भ्रष्टाचार” दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में ऐसा माहौल बना दिया गया है जहां बिना ‘कट मनी’ दिए कोई काम नहीं होता। चाहे सरकारी योजना हो, राशन कार्ड बनवाना हो या किसी योजना का लाभ लेना हो — हर जगह लोगों से पैसे मांगे जाते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब किसी राज्य में भय का माहौल होता है, तो वहां निवेश नहीं आता। उद्योगपति तभी निवेश करते हैं जब उन्हें सुरक्षा और भरोसा मिले। लेकिन बंगाल में TMC सरकार के कारण यह भरोसा खत्म हो चुका है। यही वजह है कि राज्य में फैक्ट्रियां नहीं लग रही हैं और युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं।
अपने भाषण में मोदी ने महिलाओं के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए संविधान संशोधन विधेयक लाया, लेकिन TMC ने इसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की सरकार नहीं चाहती कि बंगाल की बेटियां ज्यादा संख्या में सांसद और विधायक बनें।
उन्होंने कहा कि यह बंगाल की बेटियों के साथ सीधा धोखा है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में वे इस धोखे का जवाब दें और TMC को सजा दें।
मोदी ने आदिवासी समुदाय का मुद्दा भी उठाया और कहा कि TMC के “महा जंगलराज” में आदिवासी जिले विकास से वंचित रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC के सिंडिकेट ने आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा कर लिया है और उन्हें उनके हक से वंचित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि BJP सरकार ने आदिवासियों के लिए अलग मंत्रालय बनाया और उनके विकास के लिए विशेष बजट आवंटित किया। उन्होंने यह भी कहा कि देश में पहली बार एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाया गया, जो BJP की आदिवासी सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने TMC पर हमला जारी रखते हुए कहा कि राज्य में योजनाओं को जानबूझकर रोका जा रहा है। उदाहरण के तौर पर उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना का जिक्र किया और कहा कि जहां अन्य राज्यों में लाखों लोग इस योजना का लाभ उठा रहे हैं, वहीं बंगाल में इसे लागू ही नहीं होने दिया गया।
मोदी ने कहा कि बंगाल के लाखों लोगों ने इस योजना के लिए आवेदन किया, लेकिन राज्य सरकार ने इसे रोक दिया। उन्होंने वादा किया कि जैसे ही बंगाल में BJP की सरकार बनेगी, इन सभी योजनाओं को तेजी से लागू किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में ‘डबल इंजन सरकार’ का जिक्र करते हुए कहा कि जब केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होती है, तो विकास तेजी से होता है। उन्होंने बिहार और ओडिशा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां हर घर तक नल से जल पहुंच चुका है, लेकिन बंगाल में अभी भी लोग पानी के लिए परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि BJP की सरकार बनने पर बंगाल के हर घर तक नल से जल पहुंचाया जाएगा, महिलाओं को मुफ्त राशन मिलेगा और उन्हें सस्ती पाइप गैस और एलईडी बल्ब भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
मोदी ने TMC के नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार और अपराध में शामिल हैं, वे अपने-अपने थानों में आत्मसमर्पण कर दें, क्योंकि चुनाव के बाद कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि “4 मई के बाद कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा।”
प्रधानमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे BJP के उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताएं और बंगाल में बदलाव लाएं। उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल का मुख्यमंत्री BJP से होना चाहिए और यह जनता का संकल्प बन चुका है।
अपने भाषण में मोदी ने कहा कि बंगाल का यह चुनाव इतिहास बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि TMC का “भयकाल” खत्म होने वाला है और BJP का “सेवाकाल” शुरू होने वाला है।
उन्होंने कहा कि अभी से ही TMC नेताओं की भाषा में डर दिखाई देने लगा है, जो यह संकेत देता है कि जनता बदलाव चाहती है। प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि वे इस मौके को पहचानें और राज्य को भ्रष्टाचार और भय से मुक्त करें।
मोदी ने अंत में कहा कि BJP की सरकार आने पर बंगाल में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बल्कि बंगाल के भविष्य को बदलने का चुनाव है।














