उमाकांत त्रिपाठी।हरियाणा के सोनीपत में पत्नी ने मैरिज पैलेस में केयरटेकर पति की हत्या कर दी। परिवार का आरोप है कि पत्नी ने पहले उसके मुंह पर तकिया रखकर दबाया। फिर प्राइवेट पार्ट दबा दिया। इसके बाद वह फरार हो गई। मंगलवार सुबह बेड पर व्यक्ति का शव पड़ा मिला।मृतक मैरिज पैलेस में बने कमरे में परिवार के साथ रहता था। आरोप है कि पत्नी के अवैध संबंधों की वजह से दोनों में अक्सर झगड़े होते थे।
व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलते ही ACP अमित पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मैरिज पैलेस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो साल पहले सोनीपत आया था शहर
मृतक के भाई मेहर सिंह ने बताया कि- उनके भाई रामकिशन (38) करीब 2 साल पहले अपने काम के सिलसिले में गोहाना के ककाना भादरी गांव को छोड़कर सोनीपत शहर में किराए पर रहने आए थे। रामकिशन के 3 बेटे हैं। बड़े बेटे की उम्र 13 साल, दूसरे की 10 साल और सबसे छोटे बेटे की उम्र 7 साल है। वह अलग-अलग दुकानों पर गाड़ी से नमकीन भी सप्लाई करते थे।
4 महीने पहले गार्डन में रहने आया
आशीर्वाद गार्डन को किराए पर चलाने वाले संजय ने बताया कि- 4 महीने पहले रामकिशन को रहने के लिए जगह की जरूरत थी। हमने उसे कहा कि यहां 2 कमरे हैं। इसके बदले उसे गार्डन की रखवाली के लिए रख लिया। एक कमरे में बच्चे और मां रहती थी, जबकि दूसरे कमरे में सरिता और रामकिशन सोते थे।
पति-पत्नी में अक्सर होती थी कहासुनी
संजय ने बताया कि- पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। सोमवार रात को पहले सरिता ने रामकिशन के मुंह पर तकिया रखकर पैर से गला दबाया। भाई मेहर सिंह ने आरोप लगाया कि इसके बाद जिंदा न बच सके, इसलिए रामकिशन का प्राइवेट पार्ट भी दबा दिया। उसके प्राइवेट पार्ट में काफी सूजन थी और मुंह पर तकिया रखा हुआ था। हालांकि, हत्या के असली कारण का पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट में खुलासा होगा।
पत्नी, भाइयों और मां पर लगाया आरोप
मेहर सिंह ने कहा कि- सरिता, उसके दो भाइयों, 85 वर्षीय मां रुक्मणी और परिवार के अन्य लोगों ने रामकिशन की हत्या की है। सविता के कई लोगों के साथ अवैध संबंध थे। सरिता सोनीपत के ठरू गांव की रहने वाली है। सरिता पहले भी कई बार पकड़ी जा चुकी थी और रामकिशन उसे समझाया भी था। सोमवार रात को बड़े बेटे कुणाल के साथ सरिता ने मारपीट की। कुणाल ने इसकी शिकायत रामकिशन से की, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ।
ACP बोले- सुबह 9 बजे आई कॉल
ACP अमित ने बताया कि- मंगलवार सुबह 9 बजे पुलिस को घटना आशीर्वाद गार्ड में डेडबॉडी की सूचना मिली। मौके पर गए तो परिजन ने पत्नी पर हत्या के आरोप लगाए। उनका कहना था कि- अवैध संबंधों के चलते दोनों में झगड़ा हुआ था। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।














