न्यूज़भारतराजनीतिहेडलाइंस

झूठ बोलो और गाली दो.. पीएम मोदी ने बताया टीएमसी का फॉर्मूला, बंगाल में प्रचार के आखिरी दिन ममता पर बोला हमला

उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांकीनाड़ा में आखिरी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पहले बिहार और ओडिशा में कमल खिला है और अब बंगाल की बारी है। उन्होंने कहा कि यहां का माहौल साफ संकेत दे रहा है कि बंगाल में भी कमल खिलना तय है।

कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले में आयोजित इस रैली में पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वी भारत का भविष्य तय करने वाला है। उन्होंने कहा कि भारत के समृद्ध अतीत में अंग, बंग और कलिंग तीन मजबूत स्तंभ रहे हैं। यानी बिहार, बंगाल और ओडिशा का मजबूत होना देश के विकास के लिए जरूरी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां-जहां वे बंगाल में गए, वहां लोगों का रुझान भाजपा के पक्ष में दिखाई दिया। उन्होंने दावा किया कि 4 मई के चुनाव परिणाम के बाद भाजपा का शपथ ग्रहण समारोह होगा और उन्हें इसमें शामिल होने आना पड़ेगा।

पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने दशकों पहले घर छोड़ दिया था और अब देश की जनता ही उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी जो भी जिम्मेदारी देती है, वे उसे निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वे दिन, रात और मौसम देखे बिना लगातार काम करते हैं।

टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की सेवा करना और उसे सुरक्षित करना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि राज्य के सामने कई बड़ी चुनौतियां हैं और उनसे निपटना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटेंगे।

प्रधानमंत्री ने ‘वंदे मातरम्’ का जिक्र करते हुए कहा कि यह आजादी के समय गुलामी से मुक्ति का मंत्र था। अब 21वीं सदी में इसे बंगाल के नव-निर्माण का मंत्र बनाना होगा।

उन्होंने अयोध्या में जनवरी 2024 में हुए रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस समय उन्होंने 11 दिनों का अनुष्ठान किया था। इस चुनाव के दौरान उन्हें वैसी ही अनुभूति हो रही है, जैसी किसी देवी मंदिर के दर्शन के समय होती है।

टीएमसी पर आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी अपने पुराने नारे मां, माटी और मानुष को भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने महिलाओं की सुरक्षा और किसानों के लिए कोई काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि टीएमसी का फार्मूला झूठ बोलो और गालियां दो बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के पास बंगाल के भविष्य का कोई रोडमैप नहीं है। राज्य में केवल सिंडिकेट की फैक्ट्रियों का विस्तार हो रहा है। उन्होंने इसे महा-जंगलराज बताया और इसे खत्म करने की बात कही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा राज्य में जनता जनार्दन और कानून का राज स्थापित करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भाजपा का मुख्यमंत्री बनाएं और डबल इंजन सरकार का लाभ उठाएं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास कार्य तेजी से होंगे और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

Related Posts

घर पर बुलाई मसाज करने वाली थैरेपिस्ट फिर हो गया कांड, वीडियो देखकर चकरा जाएगा दिमाग, VIDEO VIRAL

खबर इंडिया की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आए दिन लड़ाई-झगड़ों से जुड़े वीडियो…

1 of 869

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *