खबर इंडिया की।मकनपुर में युवती हत्याकांड का हुसेनगंज पुलिस ने शनिवार को राजफाश कर दिया। हत्या नामजद प्रेमी ने नहीं बल्कि दूसरे प्रेमी ने अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर की थी। हत्यारोपित प्रेमी शिवा कुमार लोधी ने पूछताछ में पुलिस के समक्ष बताया कि शादी का दबाव न मानने पर युवती उसे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देती थी।परेशान होकर दो नाबालिग दोस्तों संग बाइक से उसे मकनपुर गांव ले गया वहां उसने अकेले उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर नाबालिग दोस्तों ने उसके हाथ-पैर पकड़े और उसने दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने तीनों हत्यारोपितों को गिरफ्तार जेल भेज दिया।
रात में हुई लापता, सुबह मिला शव
हुसेनगंज थाने के एक गांव में रहने वाली 19 वर्षीय युवती शनिवार रात से लापता हो गई थी। रविवार सुबह उसका शव गेहूं के खेत किनारे पानी भरे गड्ढे में मिला था। दिवंगत के पिता ने एससीएसटी एक्ट के तहत हथगाम थाने के पट्टीशाह गांव निवासी कोमल पटेल व इसके अन्य साथियों पर हत्या कर शव गायब करने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया था कि कोमल उसकी पुत्री को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करता था। जिस पर पुलिस ने नामजद आरोपित को बिहार के जमुई से गिरफ्तार कर लाई लेकिन घटना के दिन इसके मोबाइल सीडीआर में दिवंगत युवती के नंबर से मिलान नहीं हो सका…।
जानिए- इस तरह खुला राज
दिवंगत के मोबाइल नंबर में थरियांव थाने के दनियालपुर गांव निवासी शिवा कुमार लोधी की घटना वाले दिन की कई कालें मिली। जिस पर पुलिस ने इसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में हत्यारोपित शिवा ने बताया कि छह माह पूर्व युवती का मोबाइल नंबर मिला तो वह उससे बात करने लगा। सहमति से शारीरिक संबंध भी बनाए लेकिन वह शादी न करने पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजने की धमकी देने लगी। इससे परेशान होकर उसने बीते एक मार्च को रात 11 बजे काल कर युवती को घर के बाहर बुलाया फिर दो नाबालिग दोस्तों संग बाइक से इसके गांव से चार किलोमीटर दूर मकनपुर ले गया। वहां गेहूं के खेत में उसने अकेले दुष्कर्म किया फिर साथियों की मदद से हत्या कर दी।
तीनों आरोपि पकड़े गए
इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह ने बताया कि- युवती द्वारा शादी न करने पर फंसाने की धमकी से डरे दूसरे प्रेमी शिवा ने काल कर बुलाया और दुष्कर्म बाद हत्या कर दी थी। हत्या में इसके दो नाबालिग दोस्त भी शामिल थे। तीनों को पकड़ लिया गया है और प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। हत्यारोपित शिवा कुमार लोधी को जेल भेजा गया है जबकि दोनों नाबालिगों को बाल कारागार खुल्दाबांद, प्रयागराज भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
शिवा ने सोचा कि वह बच गया
दिवंगत के पिता ने जब कोमल पटेल को हत्या में नामजद कर दिया तो शिवा ने सोचा कि वह अब बच गया…। इसलिए घर पर ही था। सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने शुक्रवार को इसे पकड़ा तो इसने सब कबूल दिया।
विवेचना में हटेगा कोमल का नाम
हत्या कर शव गायब करने के मुकदमे में नामजद कोमल पटेल का नाम हटेगा। विवेचना कर रहे सीओ सिटी प्रमोद शुक्ला ने बताया कि नामजद हत्यारोपित की कोई संलिप्तता न मिलने पर उसका नाम विवेचना दौरान हटाया जायेगा और सही हत्यारोपित शिवा कुमार लोधी व इसके साथियों का नाम अंकित किया गया है।













