उमाकांत त्रिपाठी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्षी गठबंधन की तुलना कौरवों से की है। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा देशभक्तों की टोली जैसी और दूसरी ओर परिवारवादी पार्टियों का गठबंधन खड़ा है। देश को इन दोनों ताकतों के बीच पसंदगी करनी है। शाह ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि ये ऐसा रॉकेट है जो लॉन्च ही नहीं होता। शाह भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में वृहद प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। शाह ने कहा- हमारे देश का लोकतंत्र चार नासूर जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के बीच फंसा रहा। मोदी जी ने 10 साल के अंदर ही इन चारों नासूरों को नष्ट कर पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की स्थापना की।
भोपाल में अमित शाह के भाषण की बड़ी बातें…
मोदी ने पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की स्थापना की: हमारे देश का लोकतंत्र ये चार नासूर के बीच में बंटा रहा। जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार। मोदी जी ने 10 साल के अंदर इन नासूरों को नष्ट कर पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की स्थापना की।
एक तरफ भाजपा, दूसरी ओर परिवारवादी गठबंधन: आज दो खेमे खड़े हैं, जैसे महाभारत के युद्ध में दो खेमे खड़े थे, एक ओर पांडवों का खेमा था और दूसरी ओर कौरवों का। एक और मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा देश भक्तों की टोली जैसी पार्टी खड़ी है। और दूसरी ओर सात परिवारवादी पार्टियों का गठबंधन खड़ा है।
घमंडिया गठबंधन को अपने बेटे-बेटियों की चिंता: शाह बोले- कौन है इंडी गठबंधन? जो नहीं चाहते कि गरीब का चाय बेचने वाला बेटा प्रधानमंत्री बने। घमंडिया गठबंधन की सातों पार्टियों के नेताओं को अपने बेटे, बेटियों की चिंता है। किसी को भी देश की चिंता नहीं है।
राहुल गांधी ऐसा रॉकेट जो लॉन्च ही नहीं होता: मैं सिर्फ 20 साल की बात करता हूं। ये 20 साल में हर बार नए लुक के साथ राहुल गांधी को लॉन्च करते, लेकिन ये ऐसा रॉकेट है कि लॉन्च होता ही नहीं, हर बार वापस आ जाता है। वही रॉकेट को लेकर फिर से निकले है।
देश को तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनाएंगे: 10 साल में मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। मोदी जी देश की अर्थव्यवस्था 5वें नंबर पर लाए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मोदी जी की गारंटी है। तीसरा जनादेश दे दीजिए। देश तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
अमित शाह ने अयोध्या में राम मंदिर बनने से लेकर जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और गरीबों को मुफ्त राशन वितरण तक मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। साथ ही कांग्रेस को भी जमकर निशाने पर लिया।
बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री शाह रविवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। सुबह उन्होंने ग्वालियर में BJP कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। फिर खजुराहो पहुंचे। शाम को भोपाल में वृहद प्रबुद्धजन सम्मेलन में शिरकत की।
ये 400 से ज्यादा सीटें जीतने के संकल्प का सम्मेलन: खजुराहो में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि ये सम्मेलन विजय का संकल्प लेने का है। ये सम्मेलन 400 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाने के संकल्प का सम्मेलन है।
400 पार का लक्ष्य बूथ कार्यकर्ताओं के बगैर संभव नहीं: शाह ने कहा- एमपी में 2019 में एक सीट बच गई थी। 24 में सभी 29 सीटें देकर मोदी जी की झोली भर दीजिए। इस बार मोदी जी ने हमें 400 पार का लक्ष्य दिया है। ये काम बूथ के कार्यकर्ताओं के बगैर हो ही नहीं सकता।
विजय की भूख मंद मत करिए, इस बार सभी बूथ जीतना है: अमित शाह ने कहा कि अभी प्रदेश अध्यक्ष बता रहे थे कि पिछली बार 156 बूथों पर जीत नहीं मिली। विजय की भूख को मंद मत करिए। इस बार सभी बूथ पर कमल खिलाने का संकल्प लेकर जाना है।
500 साल बाद रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजित हुए हैं: हमने हर वादा पूरा किया। हमने कहा था अयोध्या में राम मंदिर बनाएंगे। राहुल बाबा मेरा मजाक उड़ाता था। मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे। राहुल बाबा 22 जनवरी 2024 को रामलला 500 साल के बाद भव्य मंदिर में विराजे हैं।
कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार, भ्रष्टाचार मतलब कांग्रेस पार्टी: कांग्रेस ने हमेशा सनातन धर्म का अपमान किया। भारतीय संस्कृति को अपमानित करने का काम किया। कांग्रेस इस देश की राजनीति के अंदर भ्रष्टाचार की पर्याय बन गई। कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार, भ्रष्टाचार मतलब कांग्रेस पार्टी।














