खबर टीम इंडिया की। भारत ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड को 399 रन का टारगेट दिया है और तीसरे दिन का खेल समाप्त होते-होते दूसरी पारी में इंग्लैंड को 67 रन पर एक झटका भी दे दिया है। स्टंप्स पर जैक क्रॉले 29 और रेहान अहमद 9 रन पर नाबाद रहे। अभी इंग्लैंड को जीत के लिए 332 रन और बनाने हैं। बेन डकेट (28 रन) को रविचंद्रन अश्विन ने केएस भरत के हाथों कैच कराया।
शुभमन गिल का शानदार शतक
विशाखापट्टनम में रविवार को भारत ने दूसरी पारी में 28/0 से खेलना शुरू किया और 255 रन बनाए। शुभमन गिल ने 104 और अक्षर पटेल ने 45 रन की पारी खेली। इंग्लैंड से टॉम हार्टले ने 4 और रेहान अहमद ने 3 विकेट लिए। भारत को पहली पारी के बाद 143 रन की बढ़त मिली थी। डॉ वायएस राजशेखर स्टेडियम में पहली पारी में भारत ने 396 और इंग्लैंड ने 253 रन बनाए।
तीसरी पारी में इंग्लिश टीम का स्कोर 67/1
अंपायर्स ने तीसरे दिन के खेल समाप्ति की घोषणा कर दी है। आखिरी पारी में इंग्लैंड का स्कोर 67/1 है। स्टंप्स तक जैक क्रॉले 29 और रेहान अहमद 9 रन पर नाबाद हैं। इंग्लिश टीम को यह मैच जीतने के लिए 332 रन और बनाने हैं। आखिरी सेशन में 28.3 ओवर में 95 रन बने और 5 विकेट गिरे। इनमें भारत ने 28 रन बनाने में 6 और इंग्लैंड ने 67 रन बनाने में एक विकेट गंवाया।














