उमाकांत त्रिपाठी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी आज अपना 68वां जन्मदिन मना रहे हैं. पीएम मोदी (PM Modi), केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने नितिन गडकरी को जन्मदिन की बधाई दी.
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी (PM Modi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत में महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के उन्नयन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. ईश्वर उन्हें दीर्घायु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें.”
अमित शाह ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, “मेरे कैबिनेट सहयोगी नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. मैं आपके निरंतर अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की प्रार्थना करता हूं, ताकि आप राष्ट्र की सेवा करते रहें.”
योगी आदित्यनाथ ने भी किया विश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य, कर्मठ एवं जनप्रिय राजनेता, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई. श्री सिद्धिविनायक, भगवान श्री गणेश जी से आपके समृद्ध, सुदीर्घ एवं आरोग्यमय जीवन की प्रार्थना है.”
फडणवीस बोले- अच्छे स्वास्थ्य की कामना
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा, “हमारे नेता, जो नए भारत के बुनियादी ढांचे की प्रगति को समर्पित हैं. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपके दीर्घ जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.”














