उमाकांत त्रिपाठी।भारत-पाकिस्तान संघर्ष से जुड़े अपडेट लगातार सामने आ रहे हैं। आतंकियों को पनाह देने वाले पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की जुर्रत तो देखिए, वो अपनी हद भूल गया है। हिंदुस्तान के आमजनों को निशाना बनाने कि कोशिश में वो भारी हथियारों का इस्तेमाल कर रहा है, जिसका जवाब में हिंदुस्तानी सेना लगातार उसे माकूल जवाब दे रही है। इस बीच पीएम मोदी से मिलने एनएसए अजीत डोभाल पहुंचे हैं।
अजीत डोभाल ने पीएम मोदी से की मुलाकात
शनिवार की सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी से एनएसए डोभाल ने कई अहम अपडेट साझा किए। दोनों के बीच कई मुद्दों पर बात हुई।
पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी ठिकाना नष्ट
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से बिना उकसावे के की गई गोलीबारी के जवाब में जम्मू में अखनूर के सामने पाकिस्तानी सीमा क्षेत्र में स्थित एक आतंकवादी ठिकाने को ‘पूरी तरह से नष्ट’ कर दिया। बीएसएफ ने शनिवार को यह जानकारी दी। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि- यह आतंकवादी ठिकाना पाकिस्तान में सियालकोट जिले के लूनी में था।
पाकिस्तान ने शुक्रवार रात नौ बजे से जम्मू सेक्टर में बीएसएफ चौकियों पर ‘बिना उकसावे’ के गोलीबारी शुरू की जिसके बाद लूनी में आतंकवादी ठिकाने को नष्ट कर दिया गया। प्रवक्ता ने बताया कि- बीएसएफ ने गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया जिससे अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स की चौकियों और संपत्तियों को व्यापक नुकसान पहुंचा। बीएसएफ ने अखनूर क्षेत्र के सामने सियालकोट जिले के लूनी में स्थित आतंकवादी ठिकाने को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। प्रवक्ता ने कहा, ‘भारत की संप्रभुता की रक्षा का हमारा संकल्प अडिग है।
पीएम मोदी ने शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ की बैठक
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सुरक्षा स्थिति का जायजा लेने के लिए शीर्ष रक्षा नेतृत्व के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की थी। भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच मोदी ने भविष्य की रणनीति बनाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, तीनों सेनाओं के प्रमुखों और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष के साथ बैठक की थी।
भारतीय प्रतिष्ठानों को 8 और 9 मई की मध्य रात्रि को निशाना बनाने के पाकिस्तानी प्रयासों का सशस्त्र बलों द्वारा आनुपातिक और पर्याप्त रूप से जवाब दिए जाने के साथ ही पाकिस्तान के साथ संघर्ष तीव्र हो गया है। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तान ने आठ और नौ मई की दरमियानी रात को भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। सिंह ने बताया कि पाकिस्तान ने भारत के सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए बृहस्पतिवार रात लेह से लेकर सर क्रीक तक 36 जगहों पर 300 से 400 ड्रोन भेजे। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने इन ड्रोन को मार गिराया। इससे पहले दिन में, मोदी ने तीनों सेनाओं के पूर्व प्रमुखों सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ व्यापक बातचीत की और मौजूदा स्थिति पर उनकी प्रतिक्रिया ली।
पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों के पूर्व अधिकारियों से बात की
शुक्रवार को ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान के साथ चल रहे संघर्ष के बीच तीनों सेनाओं के पूर्व प्रमुखों सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारियों के साथ व्यापक बातचीत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इनमें सेना, वायुसेना और नौसेना के पूर्व प्रमुखों के अलावा देश की सेवा कर चुके अन्य सेवानिवृत्त अधिकारी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चर्चा मौजूदा स्थिति पर केंद्रित थी।














