उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के असम दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने दरांग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जीएनएम स्कूल और बीएससी नर्सिंग कॉलेज का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने जनता को सलाह देते हुए कहा- पाकिस्तान का झूठ, कांग्रेस का एजेंडा बन जाता है। आपको कांग्रेस से बचकर रहना है। कांग्रेस घुसपैठियों की हिमायती है। कांग्रेस ने हमारे आस्था के स्थानों पर, गरीबों-आदिवासियों की जमीन पर डाका डाला है।
पीएम ने की सीएम की तारीफ
सीएम हिमंता के नेतृत्व में असम में अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है। घुसपैठियों से जमीन मुक्त कराई गई है। आज वो जमीन वापस ली गई है। वहां किसानों के लिए परियोजना चल रही है। युवा कृषि सैनिक बनकर खेती कर रहे हैं। पिछली कांग्रेस सरकारों के दौरान किसानों की जमीन और पूजा स्थलों पर अतिक्रमण किए गए थे। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनने के बाद से, हमने उन गलतियों को सुधारना और अवैध दावों को हटाना शुरू कर दिया है। असम में, घुसपैठियों से लाखों एकड़ जमीन वापस ली गई है।
दरांग में जनता से वादा लिया
पीएम मोदी ने दरांग जनसभा में मौजूद लोगों से कहा- अब जो भी खरीदेंगे वो स्वदेशी होगा, मेरी स्वदेशी की व्याख्या सिंपल है, कंपनी कोई भी हो, किसी देश की हो, लेकिन वह हिंदुस्तान में बना होना चाहिए, पैसा किसी भी देश का हो, लेकिन पसीना मेरे देश के नौजवान का होना चाहिए। जो भी मेड इन इंडिया होगी, उसमें मेरे भारत की मिट्टी की महक होनी चाहिए
सरकार का फोकस नॉर्थ ईस्ट में कनेक्टिविटी पर
पीएम ने कहा- किसी भी क्षेत्र विकास के लिए तेज कनेक्टिविटी जरूरी है। इसलिए हमारी सरकार का फोकस नॉर्थ ईस्ट में कनेक्टिविटी पर रहा है। 5G, इंटरनेट, रेल, रोड, हवाई कनेक्टिविटी से टूरिज्म का विस्तार हुई, विकास हुआ। इससे नौजवानों को रोजगार मिला है। आजादी के 6 दशक तक दिल्ली में कांग्रेस की सरकार रही, असम में दशकों तक कांग्रेस रही, लेकिन कांग्रेस ने 60-65 सालों में ब्रह्मपुत्र पर केवल 3 पुल बनाए, फिर आपने हमे काम करने का मौका दिया, हमारी सरकार ने 10 साल में 6 बड़े ब्रिज बना दिए।
मोदी बोले- 21वीं सदी के 25 साल बीते, अगला हिस्सा नॉर्थ ईस्ट का
मोदी ने दरांग में कहा- आजादी के बाद बड़े शहर, बड़े कारखाने पूर्वी-पश्चिम भारत में बने, नॉर्थ पीछे रह गया, अब भाजपा सरकार इसे बदल रही है। 21वीं सदी के 25 साल बीत गए हैं। अब इस सदी का अगला हिस्सा नॉर्थ ईस्ट का है। अब आपका टाइम है, असम का टाइम आया है। पीएम मोदी बोले- हर चुनाव में हिमंता और उनकी टीम को बार-बार यहां समर्थन मिल रहा है, हाल के पंचायत चुनाव में बीजेपी को भारी जीत दिलाई है। भाजपा सरकार भारत के विकास का असम को ग्रोथ इंजन बनाने का काम कर रही है। हमारी सरकार टॉप कनेक्टेड स्टेट और हेल्थकेयर में संपन्न कर रही है।














