खबर इंडिया की।पीएम मोदी ने हाल ही में संपन्न हुए पेरिस ओलंपिक से छह पदक लेकर लौटे भारतीय दल से गुरुवार को यहां अपने आवास पर मुलाकात की। और इस दौरान इतिहास रचने वाली निशानेबाज मनु भाकर ने उन्हें अपनी वह पिस्टल दिखाई जिससे उन्होंने दो कांस्य पदक जीते. पेरिस ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पीएम को एक स्टिक भेंट की जिस पर सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे. पेरिस ओलंपिक के बाद संन्यास लेने वाले पीआर श्रीजेश और कप्तान हरमनप्रीत सिंह सहित सभी हॉकी खिलाड़ियों ने मोदी के साथ तस्वीरें खिंचवाई. इस दौरान खिलाड़ियों ने गले में अपने कांस्य पदक पहने हुए थे.
ओलंपिक पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने की बातचीत
स्वतंत्रता के बाद किसी एक ओलंपिक खेल में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी मनु को प्रधानमंत्री को उस पिस्टल के बारे में बताते हुए देखा गया जिससे उन्होंने पेरिस में 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में दो कांस्य पदक जीते थे. मनु के साथ 10 मीटर एयर पिस्टल की मिश्रित स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले सरबजोत सिंह और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में कांस्य पदक हासिल करने वाले स्वप्निल कुसाले ने भी पीएम मोदी के साथ बातचीत की.
पीएम मोदी ने खिलाड़ियो से मुलाकात की तस्वीरें की शेयर
वहीं खिलाड़ियों से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने एथलीटों से बातचीत भी की. इस बातचीत का वीडियो अभी सामने नहीं आया है. हालांकि, पीएम मोदी ने कुछ तस्वीरें शेयर की है, जिसमें पदक विजेता खिलाड़ी दिखाई दे रहे हैं. पीएम मोदी ने इस बातचीत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा”हर खिलाड़ी जो पेरिस गया था, वो चैंपियन हैं. भारत सरकार खेलों को समर्थन देना जारी रखेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि उच्च गुणवत्ता वाली खेल संरचना का निर्माण हो.”
कुश्ती में पुरुषों की फ़्रीस्टाइल 57 किग्रा में कांस्य पदक जीतने वाले पहलवान अमन सहरावत को भी मोदी के साथ भारतीय जर्सी के साथ पोज़ देते देखा गया, जिस पर उनके हस्ताक्षर थे. भाला फेंक के स्टार खिलाड़ी और पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा अभी स्वदेश नहीं लौटे हैं. वह कमर की अपनी चोट को लेकर चिकित्सकों से परामर्श करने के लिए जर्मनी चले गए थे.
मोदी ने भारतीय दल के सदस्यों को संबोधित किया और पेरिस ओलंपिक के पुरुष एकल में चौथे स्थान पर रहने वाले बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन सहित उनमें से कुछ के साथ बातचीत भी की. टोक्यो ओलंपिक की पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (मुक्केबाजी) और मीराबाई चानू (भारोत्तोलन) भी उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने पीएम से मुलाकात की.














