उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्राजील यात्रा (6-8 जुलाई) के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वदेशी हथियारों को लेकर बड़ा बयान दिया है. राजनाथ सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद दुनियाभर में भारत के स्वदेशी हथियारों की डिमांड बढ़ गई है. खास बात ये है कि पीएम मोदी के दौरे के दौरान भारत और ब्राजील के बीच आकाश मिसाइल सिस्टम सहित रक्षा सहयोग पर अहम चर्चा होने जा रही है.
क्या बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
सोमवार (7 जुलाई 2025) को राजधानी दिल्ली में रक्षा तैयारियों में वित्तीय शासन की भूमिका को आगे बढ़ाने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करने वाले डिफेंस अकाउंट्स के एक अहम सम्मेलन को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने स्वदेशी हथियारों को लेकर ये बात कही. राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो हमने शौर्य दिखाया है, जो हमने घरेलू सैन्य उपकरणों की क्षमता का प्रदर्शन किया है, उसके बाद हमारे स्वदेशी हथियारों की ग्लोबल डिमांड और भी बढ़ गई हैं.” इस दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, तीनों सेना प्रमुख, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, वित्तीय सलाहकार (रक्षा सेवाएं) एस जी दस्तीदार और रक्षा लेखा महानियंत्रक मयंक शर्मा भी मौजूद थे.
ब्राजील-भारत के बीच होगा बड़ा सौदा
पिछले कुछ समय से ब्राजील, भारत से आकाश एयर डिफेंस सिस्टम के सौदे पर बात कर रहा है. हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आकाश मिसाइल सिस्टम की परफॉर्मेंस को देखकर ये संभावना बढ़ गई हैं. पिछले साल अप्रैल (2024) में ब्राजील के कमांडर जनरल थॉमस मिगुएल पाएवा ने मध्यम और लंबी दूरी की एयर डिफेंस सिस्टम की कमी को लेकर अपने देश की एक उच्च स्तरीय कमेटी को आगाह किया था. पाएवा ने कमेटी को बताया कि ब्राजील की सेना के पास 3000 मीटर (तीन किलोमीटर) तक मार करने वाली एयर डिफेंस मिसाइल सिस्टम तो है, लेकिन मीडियम और लॉन्ग रेंज की कमी है.
जनरल पाएवा ने ऐसे में ब्राजील के रक्षा मंत्रालय को भारत के साथ ‘गवर्नमेंट टू गवर्नमेंट’ यानी दोनों देशों की सरकारों के बीच करार का प्रस्ताव दिया था. इस प्रस्ताव के तहत ब्राजील को भारत से आकाश मिसाइल सिस्टम खरीदने की पेशकश की गई थी.
इस बाबत ब्राजील ने एक टेंडर (रिक्वेस्ट फॉर क्यूट) भी जारी किया है. हालांकि, इस टेंडर के लिए चीन ने भी दिलचस्पी दिखाई थी. चीन की ‘स्काई-ड्रैगन’ मिसाइल इस रेस में शामिल है. पीएम मोदी ब्रिक्स सम्मेलन (6-7 जुलाई) में शामिल होने के लिए इन दिनों ब्राजील के दौरे पर हैं, लेकिन ब्राजील के साथ द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने के लिए मंगलवार को भी वहीं रहेंगे. इस दौरान रक्षा सहयोग पर अहम चर्चा होने जा रही है.
रक्षा बजट पर क्या बोले राजनाथ सिंह.?
राजनाथ सिंह ने डिफेंस अकाउंट्स के सम्मेलन को संबोधित करते हुए ये भी कहा कि “हमारा रक्षा खर्च कुछ ऐसा होना चाहिए, जिसमें सिर्फ हमारा बजट न बढ़े, बल्कि उस बजट का सही समय पर सही जगह, सही उद्देश्य के लिए इस्तेमाल किया जाए.” राजनाथ सिंह ने कहा कि “आप सब जानते हैं कि रक्षा मंत्रालय का बजट देश में सबसे ज्यादा है. देश की क्या बात की जाए, अगर आप रक्षा मंत्रालय का बजट देखें तो दुनिया के कई देशों की जीडीपी तक इतनी नहीं है. जब देश की जनता की मेहनत की कमाई का एक बड़ा हिस्सा रक्षा मंत्रालय को मिलता है तो जाहिर सी बात है, हमारी जिम्मेदारियां भी उसी अनुपात में बढ़ जाती हैं।














