उमाकांत त्रिपाठी।जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए मंगलवार को हुए भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। करीब 20 लोग इस हादसे में घायल भी हुए हैं। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने X पर एक पोस्ट कर कहा कि- वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है।पीएम मोदी ने कहा,कि- श्री माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर हुए भूस्खलन के कारण हुई जनहानि दुखद है। मेरी संवेदनाएंं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर करे कि घायल जल्द से जल्द स्वस्थ हों। प्रशासन सभी प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है। मैं सभी की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं।
राहत सामग्री लेकर वायुसेना का सी-130 विमान जम्मू पहुंचा
राहत और बचाव सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना का एक सी-130 परिवहन विमान बुधवार को माता वैष्णो देवी तीर्थस्थल मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास हुए भूस्खलन से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए जम्मू पहुंच गया। इसके अलावा, चिनूक और एमआई-17 वी5 जैसे हेलीकॉप्टर जम्मू, उधमपुर, श्रीनगर और पठानकोट के आस-पास के वायुसेना अड्डों पर “बिल्कुल तैयार स्थिति में” रखे गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया कैसा था मंजर
वैष्णो देवी मंदिर दर्शन के बाद कटरा पहुंचे बनारस निवासी श्रद्धालु सतीश कुमार ने बताया कि- उनके सामने भूस्खलन की घटना हुई। उन्होंने बताया कि- सबसे पहले भूस्खलन गर्भजून गुफा के पास शुरू हुआ। इसके बाद अफरातफरी के हालात बन गए, प्रशासन के लोग घायल लोगों को लेकर नीचे आए हैं। अभी यात्रा बंद है, श्रद्धालु ताराकोट मार्ग से नीचे आ रहे हैं।















