उमाकांत त्रिपाठी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में नए मुख्यमंत्रियों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 13 दिसंबर को होगा। छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय तो मध्यप्रदेश में मोहन यादव सीएम पद की शपथ लेंगे। इन दोनों समारोह में कई दिग्गज नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भी शिरकत करेंगे। छत्तीसगढ़ का कार्यक्रम रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दोपहर 2 बजे से शुरू होगा होगा। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा सहित कई राज्यों के सीएम और अन्य नेता शामिल होंगे। वहीं मध्यप्रदेश का समारोह मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। जिसमें पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
दो डिप्टी सीएम और कई नए विधायक बनेंगे मंत्री
जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगे। संभावना है कि कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। सोमवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुना गया है। शिवराज सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। वे ओबीसी वर्ग से आते हैं। संघ के करीबी हैं। मोहन यादव ने मंगलवार को कहा, ‘मैं भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता हूं, मैंने इस जिम्मेदारी को सेवक की तरह लिया है। जनता की सेवा की दिशा में काम करूंगा। कल शपथ ग्रहण समारोह होगा।
बृजमोहन बन सकते हैं प्रोटेम स्पीकर
सूत्रों की मानें तो सीनियर विधायक बृजमोहन अग्रवाल को प्रोटेम स्पीकर बनाया जा सकता है। नई सरकार में सामान्य वर्ग से 4, OBC और आदिवासी वर्ग से 5-5 नाम मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। आदिवासी वर्ग से मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद अब 4 नाम ही बचे हैं। वहीं, डिप्टी सीएम के लिए भी OBC वर्ग से अरुण साव और सामान्य से विजय शर्मा का नाम चर्चा में है। इस बार मंत्रिमंडल में सरगुजा, बिलासपुर और बस्तर संभाग का दबदबा रहेगा। सरगुजा संभाग से 3, बिलासपुर संभाग से 3-4, रायपुर संभाग से 2-3, बस्तर से 3 और दुर्ग संभाग से 2 नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।













