न्यूज़भारत

चक्रवाती तूफान मिचौंग का कहर, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; दिल्ली-NCR तक दिखेगा असर

उमाकांत त्रिपाठी। दक्षिण भारत में चक्रवाती तूफान मिचौंग का कहर दिखाई देने लगा है। बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठा साइक्लोन मिचौंग आज देश के दक्षिणी हिस्से में किनारों से टकराने वाला है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। मिचौंग तूफान के कारण कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पुडुचेरी में इस तूफान का असर दिखने वाला है। मिचौंग तूफान ने अगर सबसे ज्यादा असर कहीं दिखाया है तो वो है तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बाढ़ जैसे हालात हैं। मिचौंग का सबसे ज्यादा असर तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में देखा जा रहा है। एक दिन पहले ही कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD ने भी संभावनाएं जता दी हैं कि आने वाले एक-दो दिनों में जमकर बारिश हो सकती है।

लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

अमरावती मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान के केंद्र के पास हवा की तीव्रता 90-100 किलोमीटर प्रति घंटा से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) की ओर से शेयर किए गए आंकड़े के अनुसार कोनसीमा, काकीनाडा, कृष्णा, बापटला और प्रकाशम के सात जिलों से 9,454 लोगों को 211 राहत शिविरों में सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। चेन्नई और उसके आसपास मौजूद कई कारखानों ने अस्थायी रूप से ऑपरेशन सस्पेंड कर दिया है। हुंदै मोटर इंडिया की श्रीपेरुंबदूर इकाई में कारखाना संचालन 4 दिसंबर, 2023 के लिए निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस हुई अलर्ट, मौसम विभाग हुआ सतर्क

लगातार बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी भर गया, जिससे 2015 की बाढ़ की पुनरावृत्ति की आशंका पैदा हो गई। खबर के मुताबिक बारिश के चलते लोगों को पीने के पानी और दूसरी आवश्यक वस्तुओं के लिए भागदौड़ करनी पड़ रही है। तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई तथा इंटरनेट सेवा बाधित हुई। एयर इंडिया ने खराब मौसम को देखते हुए अपनी सभी फ्लाइट्स को सस्पेंड कर दिया है। पिछली घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस ने 24 संवेदनशील पुलों की पहचान की है और वहां पुलिस कर्मियों को तैनात किया। इसी तरह 300 पुलिस कर्मियों और अन्य अधिकारियों को उन गांवों में तैनात किया गया है जहां बाढ़ आने की आशंका है।

Related Posts

शादी के 6 महीने बाद छत से कूदी दुल्हन… मौत से पहले मायके किया था फोन, ये कांड चौंका देगा

खबर इंडिया की।गाजियाबाद के मुरादनगर में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को कथित…

1 of 862

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *