खबर टीम इंडिया की। सलमान खान और कैटरीना कैफ की स्पाई थ्रिलर सीरीज टाइगर-3 बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। पिछले हफ्ते रिलीज हुई ये फिल्म रिलीज के साथ ही कई कीर्तिमान अपने नाम कर चुकी है। ‘टाइगर 3’ सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है, जिसके चलते इसकी अगली सीरीज के कयास लगना शुरू हो गए थे। तो अब वहीं सुपरस्टार सलमान खान ने इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल मैच के दौरान ‘टाइगर 4’ को भी कंफर्म कर दिया है। आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 फाइनल मैच के दौरान बातों ही बातों में टाइगर 4 पर हिंट दे डाला है। इस हिंट के बाद फैंस स्पाई थ्रिलर के नए पार्ट पर कयास लगा रहे हैं।
टाइगर-4 पर क्या बोले सलमान?
आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 भारत-ऑस्ट्रेलिया फाइनल मैच से कैटरीना कैफ और सलमान खान अपनी फिल्म का प्रमोशन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कमेंटेटर्स से बातचीत में टाइगर- 4 को कन्फर्म किया है। कैटरीना ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा था कि- विराट को देखकर जब उन्होंने आरसीबी के लिए आईपीएल खेलना शुरू किया, तब से लेकर अब तक के सफर और ग्राफ को देखिए। इसके बाद सलमान ने तपाक से कहा आपने टाइगर 1 से लेकर टाइगर 3 भी देखी ना और वह भी 57 पर. अब 60 पर टाइगर 4 का इंतजार करें। आपको बता दें कि टाइगर 3 घरेलू बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी कमाई कर रही है।
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही टाइगर-3
‘टाइगर 3’ में सलमान खान के साथ कैटरीना कैफ ने जमकर एक्शन और स्टंट सीक्वेंस किए हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘एक था टाइगर’ और ‘टाइगर जिंदा है’ में धमाल मचा चुकी है। टाइगर 3 अगर इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही, तो बेशक ये सलमान और कटरीना के फिल्मी करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन सकती है। ‘टाइगर 3’ में इमरान हाशमी विलन के रोल में हैं। मनीष शर्मा निर्देशित ‘टाइगर 3’ यशराज की स्पाई यूनिवर्स की फ्रेंचाइजी फिल्मों की पांचवीं किश्त है। सलमान-कटरीना की फिल्म को लोग त्योहार की तरह सेलिब्रेट कर रहे हैं, थिएटर्स में जश्न जैसा माहौल बन चुका है। टाइगर ने लोगों को सीट्स से खड़े होकर डांस करने पर मजबूर कर दिया है। फिल्म में शाहरुख खान का कैमियो फैंस को क्रेजी कर रहा है, टाइगर 3 कुल-मिलाकर एक धमाकेदार एंटरटेनर फिल्म है।














