खबर इंडिया की। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले से एक ऐसी सनसनीखेज कहानी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया, प्यार और लालच के खतरनाक चेहरे को उजागर कर दिया। यह कहानी है एक महिला, उसके दो प्रेमियों और एक खौफनाक मर्डर की… जिसका अंत हुआ 40 फीट गहरी खाई में मिली सड़ी-गली लाश से।
View this post on Instagram
7 मई को रायसेन जिले के बाड़ी थाना क्षेत्र स्थित नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे पुलिस को एक युवक की लाश मिली। शव पूरी तरह सड़ चुका था। चेहरा पहचानने लायक नहीं था। हाथ-पैर बंधे थे और मुंह पर टेप लगी थी। पहली नजर में यह पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर लग रहा था।
पुलिस ने जांच शुरू की तो कहानी की परतें खुलती चली गईं। 10 मई को पुलिस ने इस मर्डर केस का ऐसा खुलासा किया जिसने सभी को हैरान कर दिया।
View this post on Instagram
जांच में सामने आया कि नरसिंहपुर जिले की रहने वाली रीना पटेल ने अपने बचपन के प्रेमी अरुण पटेल और उसके दोस्त हरनाम किरार के साथ मिलकर राजस्थान निवासी वीरू उर्फ पप्पू जाट की हत्या की साजिश रची थी।
रीना की जिंदगी शुरू से ही दर्द और संघर्ष से भरी रही। जब वह मां के गर्भ में थी, तभी उसके पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई। जन्म के कुछ महीने बाद उसकी मां दूसरी शादी कर राजस्थान चली गई, लेकिन बाद में उसने भी आत्महत्या कर ली। इसके बाद रीना की परवरिश उसकी मौसी ने की।
किशोरावस्था में रीना की नजदीकियां गांव के अरुण पटेल से बढ़ीं। दोनों को परिवार ने आपत्तिजनक हालत में देख लिया, जिसके बाद बदनामी के डर से महज 16 साल की उम्र में रीना की शादी कर दी गई।
View this post on Instagram
शादी के बाद रीना करीब 13 साल तक पति के साथ रही और उसका एक बेटा भी हुआ। लेकिन समय के साथ वह पति से अलग रहने लगी और किराए के मकान में शिफ्ट हो गई।
इसी दौरान उसकी जिंदगी में दोबारा एंट्री हुई बचपन के प्रेमी अरुण पटेल की। अरुण उस पर इस कदर फिदा था कि उसने कथित तौर पर रीना के नाम करीब एक करोड़ रुपए की एफडी कराई, 50 लाख का मकान दिलाया और आधा किलो सोना भी दिया। इतना ही नहीं, लग्जरी कार, आईफोन और महंगी लाइफस्टाइल का पूरा इंतजाम भी किया।
लग्जरी लाइफ मिलने के बाद रीना सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गई। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर महंगे कपड़े, गहने और कारों के साथ रील्स पोस्ट करने लगी।
यहीं से कहानी में तीसरे किरदार की एंट्री हुई। करीब चार साल पहले राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी वीरू जाट ने रीना की रील्स देखीं। लाइक और कमेंट से शुरू हुई बातचीत जल्द ही प्यार में बदल गई। वीरू का मध्यप्रदेश में रेत कारोबार से जुड़ा काम था, इसलिए उसका नरसिंहपुर आना-जाना लगा रहता था। जब भी मौका मिलता, वह रीना से मिलने पहुंच जाता।
लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिनों तक छिप नहीं सका। दो साल पहले अरुण पटेल को रीना और वीरू के अफेयर की जानकारी मिल गई। इसके बाद दोनों प्रेमियों के बीच विवाद बढ़ने लगा। एक बार मारपीट में अरुण के कान का पर्दा तक फट गया था।
पुलिस के मुताबिक, इसी के बाद वीरू को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
29 अप्रैल को रीना ने वीरू को मिलने के बहाने घर बुलाया। घर में पहले से अरुण पटेल और उसका साथी हरनाम किरार मौजूद थे। जैसे ही वीरू घर पहुंचा, तीनों ने मिलकर बेसबॉल बैट से उसके सिर पर हमला कर दिया। लगातार वार होने से वीरू की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने घर में फैला खून साफ किया। शव को प्लास्टिक और कंबल में लपेटा, हाथ-पैर बांधे, मुंह पर टेप लगाई और बोरी में भरकर करीब 200 किलोमीटर दूर रायसेन जिले के नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे फेंक दिया।
सात दिन बाद जब इलाके में बदबू फैली तो फॉरेस्ट गार्ड ने पुलिस को सूचना दी।
इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में सबसे बड़ा सुराग बना एक स्कूल बैग और उसमें रखी नोटबुक। नोटबुक पर एक कोचिंग टीचर की हैंडराइटिंग और साइन मिले। पुलिस नरसिंहपुर पहुंची और टीचर से पूछताछ की। वहां पता चला कि कॉपी रीना के 10 साल के बेटे की थी।
यहीं से पुलिस रीना तक पहुंच गई। जब पुलिस उसके घर पहुंची तो ताला लगा मिला। मोबाइल फोन भी बंद थे। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस उज्जैन पहुंची, जहां एक होटल से रीना, अरुण पटेल और उनके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल तीनों आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। लेकिन यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया, प्यार, दौलत और धोखे का खतरनाक मेल किस तरह किसी की जान ले सकता है।














