धर्म -अध्यात्म

कैथोलिक बिशप का क्रिसमस सेलिब्रेशन: पीएम मोदी हुए शामिल, जानें प्रभु ईसा पर क्या कहा?

उमाकांत त्रिपाठी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में कैथोलिक बिशप के क्रिसमस सेलिब्रेशन में शामिल हुए. जहां, पीएम मोदी ने कहा कि- क्रिसमस की खुशियों में आप सबके साथ जुड़ने का ये अवसर, ये दिन, हम सब के लिए यादगार रहने वाला है. ये अवसर इसलिए भी खास है, क्योंकि इसी वर्ष सीबीसीआई की स्थापना के 80 वर्ष पूरे हो रहे हैं. मैं इस अवसर पर सीबीसीआई और उससे जुड़े सभी लोगों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.

प्रभु ईसा मसीह की शिक्षाएं प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का जश्न मनाती हैं-पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि- प्रभु ईसा मसीह की शिक्षाएं प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का जश्न मनाती हैं. यह महत्वपूर्ण है कि हम सभी इस भावना को मजबूत बनाने के लिए काम करें. हालांकि, जब हिंसा फैलाने और समाज में व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया जाता है तो मुझे बहुत दुख होता है. अभी कुछ दिन पहले, हमने देखा कि जर्मनी के क्रिसमस बाजार में क्या हुआ. यह जरूरी है कि हम ऐसी चुनौतियों से लड़ने के लिए एक साथ आएं.

‘बाइबल आशा को शक्ति और शांति के स्रोत के रूप में देखती है-पीएम
पीएम ने कहा कि क्रिसमस और भी खास हो जाता है क्योंकि आप जयंती वर्ष की शुरुआत करते हैं, जो आप सभी के लिए बहुत महत्व रखता है. मैं जयंती वर्ष के लिए नियोजित विभिन्न पहलों के लिए आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं. इस बार, जयंती वर्ष के लिए, आपने एक ऐसी थीम चुनी है जो आशा के इर्द-गिर्द घूमती है. पवित्र बाइबल आशा को शक्ति और शांति के स्रोत के रूप में देखती है.

आज का भारत लोगों को संकट से बचाकर लाता है- पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की संतान, दुनिया में कहीं भी हो, किसी भी विपत्ति में हो आज का भारत, उन्हें हर संकट से बचाकर लाता है. इसे अपना कर्तव्य समझता है. भारत अपनी विदेश नीति में भी नेशनल इंटरेस्ट के साथ-साथ ह्यूमन इंटरेस्ट को प्राथमिकता देता है. कोरोना के समय पूरी दुनिया ने इसे देखा भी और महसूस भी किया.

सामूहिक प्रयास देश को आगे बढ़ाएंगे-पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि- बीते 10 साल में हमारे देश में 25 करोड़ लोगों ने गरीबी को परास्त किया है. ये इसलिए हुआ क्योंकि गरीबों में एक उम्मीद जगी कि हां, हम गरीबी से जंग जीत सकते हैं. मुझे विश्वास है कि हम सबके सामूहिक प्रयास हमारे देश को आगे बढ़ाएंगे. विकसित भारत हम सभी का लक्ष्य है और हमें इसे मिलकर पाना है. ये आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा दायित्व है कि हम उन्हें एक उज्ज्वल भारत देकर जाएं.

Related Posts

1 of 19

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *