उमाकांत त्रिपाठी। पीएम मोदी की मां को गाली देने के विरोध में बीजेपी ने आज बिहार बंद बुलाया। यह बंद आज सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चला। इस विरोध प्रदर्शन में बीजेपी के साथ-साथ एनडीए के अन्य सहयोगी दल, जिनमें जनता दल (यूनाइटेड), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा भी शामिल हुई। बंद की कमान बीजेपी महिला मोर्चा को सौंपी गई जिन्होंने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
करारा जवाब देगी जनता- प्रसाद
बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “मां का सम्मान करना भारत की संस्कृति है…अगर हमारी पार्टी का कोई व्यक्ति इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करता, तो हम सख्त कार्रवाई करते और माफी मांगते। बिहार की जनता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को करारा जवाब देगी।”
गाली देकर भाग नहीं सकते
उधर बीजेपी विधायक संजय मयूख ने कहा, “बिहार में महागठबंधन के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर एनडीए द्वारा बुलाए गए बंद में बिहार की माताएं और बहनें शामिल हैं। आप गाली देकर भाग नहीं सकते। बिहार की जनता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को करारा जवाब देगी।”
एनडीए की साथी पार्टियां भी हुई शामिल
बीजेपी कार्यकर्ताओं के अलावा एनडीए की साथी पार्टियों के कार्यकर्ता भी इस बंद में शामिल हुए। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से साधना होटल तक विरोध मार्च किया। प्रदर्शन में एनडीए के केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक भी मौजूद रहे। प्रदर्शन की कमान बीजेपी महिला मोर्चा के हाथों में रही।















