उमाकांत त्रिपाठी।चुनावी साल में बिहार को एक और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिली है। सीतामढ़ी से दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 8 अगस्त को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के राज्यसभा सांसद संजय झा ने बुधवार को यह जानकारी दी। शाह शुक्रवार को बिहार दौरे पर आ रहे हैं और सीतामढ़ी के पुनौरा धाम में मां जानकी के भव्य मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।जेडीयू सांसद झा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि- रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सीतामढ़ी और दिल्ली के बीच नई अमृत भारत ट्रेन को मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा,कि- मां जानकी की पावन प्राकट्य स्थली पुनौराधाम (सीतामढ़ी) में 8 अगस्त को होने वाले भव्य मां जानकी मंदिर के निर्माण के भूमि पूजन एवं कार्यारंभ कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
संजय झा ने कहा कि- उन्होंने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेल मंत्री से मुलाकात की थी। उन्होंने अश्विनी वैष्णव से इस रूट पर नई अमृत भारत एक्सप्रस चलाने की अपील की थी। झा ने कहा कि रेलवे ने इसके लिए समय सारिणी तैयार कर ली है। फिलहाल यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। उन्होंने दावा किया कि इस नई ट्रेन के परिचालन से जहां दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच आवागमन और सुगम होगा, वहीं सीतामढ़ी में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और क्षेत्र में विकास को गति मिलेगी।
सीतामढ़ी दिल्ली अमृत भारत ट्रेन का शेड्यूल
रेलवे बोर्ड की बुधवार को हुई बैठक में नई अमृत भारत एक्सप्रेस के टाइम टेबल तय किया गया है। इसके अनुसार यह ट्रेन पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10.45 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में यह गाड़ी रात 10.15 बजे खुलेगी और अगले दिन रात 10.40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा अमृत भारत ट्रेन का ठहराव
दिल्ली और सीतामढ़ी के बीच चलाई जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव गाजियाबाद के चिपयाना बुजुर्ग स्टेशन, कानपुर, बाराबंकी जंक्शन, पनियहवा स्टेशन पर होगा।














