खबर इंडिया की। मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। कोलगवां थाना क्षेत्र के एक किराए के कमरे में 29 साल की सरकारी टीचर पूनम अहिरवार का खून से लथपथ शव मिला, जबकि उसी कमरे में अंबिकेश गौतम नाम का युवक फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। कमरे के अंदर का मंजर इतना खौफनाक था कि जिसने भी देखा, उसके रोंगटे खड़े हो गए।
View this post on Instagram
घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक कमरे से खून से सना तवा और बाल भी बरामद हुए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि यह तवा तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया था। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि युवक ने पहले पूनम की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। लेकिन मृतका के परिवार ने इस थ्योरी को मानने से साफ इनकार कर दिया है।

मृतका के पिता शिवकुमार अहिरवार ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बेटी जिस युवक के साथ मिली, उसे वे जानते तक नहीं थे। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में किसी तीसरे व्यक्ति का हाथ हो सकता है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी का एक शादीशुदा फल व्यापारी विनोद गुप्ता से अफेयर था और उन्हें उसी पर शक है।
जानकारी के मुताबिक पूनम अहिरवार अनूपपुर जिले के कोतमा की रहने वाली थीं और बाणसागर देवलोंद में वर्ग-1 की सरकारी शिक्षिका थीं। 14 मई को उन्होंने घरवालों से भोपाल जाने की बात कही थी। घर से निकलते समय वह अलमारी से दो हजार रुपए लेकर स्टेशन गई थीं। लेकिन वह भोपाल की बजाय सतना कैसे पहुंचीं, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।
वहीं रीवा जिले के बेला गांव निवासी अंकितेश गौतम सतना में किराए के कमरे में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। दो महीने पहले उसका छोटा भाई अंबिकेश नौकरी लगने के बाद उसके साथ रहने आया था। 15 मई की शाम जब अंकितेश कमरे पर पहुंचा तो बाहर ताला लगा मिला। उसे अंदर से कूलर चलने की आवाज सुनाई दी। उसने भाई को फोन लगाया, लेकिन मोबाइल की घंटी कमरे के अंदर से ही सुनाई दी। शक होने पर उसने खिड़की से झांका तो भाई फंदे पर लटका दिखाई दिया।
इसके बाद मकान मालिक की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। जैसे ही दरवाजा खुला, अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में युवती का शव खून से लथपथ पड़ा था और ऊपर युवक का शव फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पुलिस को मकान के सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। फुटेज में 14 मई की रात करीब 10 बजकर 35 मिनट पर पूनम और अंबिकेश एक साथ कमरे की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। इससे पुलिस को शक है कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। अब पुलिस कॉल डिटेल, फॉरेंसिक रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
लेकिन इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि क्या यह मर्डर-सुसाइड है या फिर किसी तीसरे व्यक्ति ने दोनों को मौत के घाट उतारा? आखिर हत्या में इस्तेमाल असली हथियार कहां है? और पूनम सतना क्यों पहुंचीं? इन सवालों के जवाब फिलहाल पुलिस जांच में तलाशे जा रहे हैं।













