चुनावन्यूज़भारत

राष्ट्रपति चुनाव के लिए बसपा का द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने का फैसला : मायावती

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की। मुर्मू का देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति बनना लगभग तय माना जा रहा है।

बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ में कहा, ‘‘राष्ट्रपति चुनाव के संबंध में बसपा अपना फैसला लेने के लिए आजाद है। पार्टी ने आदिवासी समाज को अपने आंदोलन का खास हिस्सा मानते हुए द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का निर्णय लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा यह फैसला न तो भाजपा या राजग के समर्थन में है और न ही संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के खिलाफ है। हमने अपनी पार्टी और आंदोलन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया है।’’

मायावती ने कहा, “बसपा ने आदिवासी समाज की एक योग्य एवं कर्मठ महिला को देश की अगली राष्ट्रपति के रूप में देखने के लिए मुर्मू का समर्थन करने का फैसला किया है। हालांकि, वह बिना किसी दबाव के काम कर पाएंगी या नहीं, यह तो आने वाला समय ही बताएगा।”

बसपा सुप्रीमो ने यह भी कहा, “अगर कोई विरोधी पार्टी या उसके नेतृत्व वाली सरकार आदिवासियों के हित में उचित फैसला लेती है तो बसपा बिना किसी हिचक, दबाव या डर के उसका भी समर्थन करती है। फिर चाहे इसके लिए पार्टी को भारी नुकसान ही क्यों न उठाना पड़े।”

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा और वोटों की गिनती 21 जुलाई को की जाएगी।

Related Posts

180 लड़कियां, 350 अश्लील वीडियो… आखिर क्या है अमरावती कांड, जिसकी सैकड़ों नाबालिग हुई शिकार

खबर इंडिया की। महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा से सामने आया वीडियो कांड…

1 of 753

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *