खबर इंडिया की।भोपाल में मंडप से गिरफ्तार इलीगल गैंग के सरगना की दुल्हन थाने पहुंच गई. दुल्हन ने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा कि साहब, कस्टडी में ही फेरे करा दो. उसने कहा कि मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी. मेरी क्या गलती है? मुझे उसके जुर्म की जानकारी नहीं थी. घर में मेहमान मौजूद हैं. हल्दी से लेकर तमाम रस्में हो चुकी हैं. दुल्हन का कहना था कि 2 घंटे के लिए रिहा कर दो, नहीं तो यहीं कस्टडी में फेरे करा दो.हाथों में मेहंदी, चेहरे पर हल्दी और गले में माला पहने सीमा थाने में गैंगस्टर दूल्हा आकाश से मिलाने की गुहार लगाती रही. हालांकि, पुलिस ने दुल्हन की बात नहीं मानी. कोर्ट में भी उसके वकील की ओर से फेरे कराने के लिए समय मांगा गया था, लेकिन मोहलत नहीं मिली.
हाथों में मेहंदी, चेहरे पर हल्दी… और थाने में खड़ी दुल्हन
यह पूरा मामला भोपाल के कोहेफिजा इलाके का है. यहां दुल्हन अपने परिवार के साथ थाने पहुंची. उसके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी, चेहरे पर हल्दी का रंग था और गले में शादी की माला पड़ी थी. दुल्हन सीमा बार-बार पुलिस से गुहार लगा रही थी कि उसके होने वाले पति आकाश से उसे मिलवा दिया जाए. वह पुलिस से कह रही थी कि शादी की सभी रस्में लगभग पूरी हो चुकी हैं और घर में मेहमान मौजूद हैं.
हल्दी समारोह से गिरफ्तार हुआ दूल्हा
दरअसल, पुलिस को एक ऐसे संगठित गिरोह के बारे में जानकारी मिली थी, जो लोगों को हनीट्रैप के जरिए फंसाकर उनसे पैसे वसूलता था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस गैंग का सरगना आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी है. पुलिस को यह भी सूचना मिली कि आकाश की शादी 12 मार्च को होने वाली है और वह लालघाटी के एक मैरिज गार्डन में हल्दी की रस्म निभा रहा है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हल्दी कार्यक्रम के दौरान ही आकाश को गिरफ्तार कर लिया. अगले दिन उसका रिसेप्शन भी होना था.
हनीट्रैप गैंग का सनसनीखेज खुलासा
पुलिस की जांच में सामने आया कि आकाश उर्फ भूरा हड्डी एक संगठित गिरोह चलाता था, जिसे ELLEGAL गैंग के नाम से जाना जाता था. इस गिरोह में करीब 15 से ज्यादा युवक और युवतियां शामिल बताए जा रहे हैं. गैंग का तरीका बेहद शातिर था. गिरोह पहले किसी युवक या व्यक्ति को टारगेट करता था. फिर एक युवती को उसके पास भेजा जाता था. जैसे ही वह व्यक्ति युवती से मिलने के लिए तैयार होता, उसी दौरान गैंग के बाकी सदस्य वहां पहुंच जाते थे.
पुजारी को बनाया शिकार
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में इस गैंग ने एक पुजारी को निशाना बनाया था. गिरोह ने एक युवती को पुजारी के घर भेजा. युवती ने घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया और अचानक शोर मचाना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में गैंग के कई सदस्य वहां पहुंच गए और पुजारी पर रेप के प्रयास का आरोप लगाने लगे. इसके बाद वे जबरन एक वाहन में बैठाकर एक मल्टी में ले गए. वहां पुजारी को बंधक बनाकर मारपीट की गई और 8 लाख रुपये की मांग की गई. हालांकि पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए मामले की शिकायत पुलिस में कर दी.
पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार
मामले की जांच के बाद पुलिस ने गैंग के कई सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी, रामजी ठाकुर, अभिषेक उपाध्याय, अभिषेक मीणा, नीरज खान, अमित ओसवाल शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. मुख्य आरोपी आकाश पर ही 31 से ज्यादा गंभीर आपराधिक केस दर्ज बताए जा रहे हैं. वह पहले हत्या के एक मामले में आरोपी रह चुका है और जमानत पर बाहर था.














