उमाकांत त्रिपाठी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन हमेशा विश्व समुदाय को करुणा और शांति के लिए प्रेरित करता रहेगा। अहम ये हो जाता है कि प्रधानमंत्री मोदी का संदेश सीमा पर तनाव कम करने के मकसद से भारत और पाकिस्तान के सीजफायर समझौते के बाद आया है। पिछले हफ्तेभर में भारत और पाकिस्तान लगभग जंग के मुहाने पर आकर खड़े हो गए थे, यहां से प्रधानमंत्री मोदी की सहमति के बाद सीजफायर लागू हुआ और सोमवार की रात सीमाई इलाकों में शांति के साथ गुजरी।
इस बीच बुद्ध पूर्णिमा पर प्रधानमंत्री मोदी ने ‘X’ पर एक पोस्ट में लिखा- ‘बुद्ध पूर्णिमा पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। सत्य, समानता और सद्भाव के सिद्धांतों पर आधारित भगवान बुद्ध के संदेश मानवता के लिए मार्गदर्शक रहे हैं। त्याग और तपस्या को समर्पित उनका जीवन हमेशा विश्व समुदाय को करुणा और शांति के लिए प्रेरित करता रहेगा।’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस तरह किया विश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत के लोगों और दुनिया भर में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा- ‘बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर मैं सभी देशवासियों और दुनिया भर में भगवान बुद्ध के अनुयायियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। करुणा के अवतार भगवान बुद्ध की ओर से दिया गया अहिंसा, प्रेम और दया का अमर संदेश मानव जाति के कल्याण का मूल मंत्र है। उनके आदर्श समानता, सद्भाव और सामाजिक न्याय के शाश्वत मूल्यों में हमारी आस्था को मजबूत करते हैं। उनकी शिक्षाएं हमें नैतिकता पर आधारित जीवन जीने के लिए प्रेरित करती हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और एक शांतिपूर्ण, सामंजस्यपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
गृहमंत्री-रक्षामंत्री ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन ज्ञान, करुणा और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश देता है। शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘बुद्ध पूर्णिमा की सभी को शुभकामनाएं। ज्ञान, करुणा और अहिंसा के मार्ग पर चलकर मानव समाज को समानता और एकता का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध का जीवन विचार, शब्द और कर्म का संगम है। मैं भगवान बुद्ध से सभी की खुशी और शांति की प्रार्थना करता हूं।’ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान बुद्ध की कालातीत शिक्षाएं मानवता को सद्भाव की ओर ले जाती हैं।















