उमाकांत त्रिपाठी।सीतामढ़ी से जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के यादव-मुस्लिम वाले बयान पर बिहार में घमासान छिड़ गया है। इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उनका समर्थन किया है। गिरिराज ने कहा कि देवेश चंद्र ठाकुर ने दिल की बात कह दी है। उन्होंने यह भी कहा कि हम सभी वर्गों के लिए काम करते हैं, लेकिन मुसलमान मुझे भी वोट नहीं देते हैं। ये 2014 से मैं झेल रहा हूं।दूसरी ओर सीतामढ़ी से पूर्व सांसद अर्जुन राय ने जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के बयान को पूर्व सांसद अर्जुन राय ने अमर्यादित बताया है। अर्जुन राय ने खेद जताते हुए कहा कि गलती से सीतामढ़ी की जनता ने सांप को दूध पिलाने का काम किया है। वह सांप अब अपना असली रूप दिखाने लगा है।दरअसल, सांसद देवेश चंद्र का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे यह कहते नजर आ रहे हैं कि अब वे यादव और मुसलमानों के लिए कोई काम नहीं करेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, उन्होंने यह बात सीतामढ़ी में रविवार को आभार यात्रा के दौरान कही थी। नीचे पढ़िए देवेश चंद्र के बयान पर बिहार में कैसे छिड़ा घमासान..।
पहले जानिए जेडीयू सांसद ने क्या कहा था-
‘अब मैं यादव और मुसलमानों के लिए कोई काम नहीं करूंगा। यादव और मुसलमान समाज के लोग कोई काम करवाने आते हैं तो जरूर आएं, लेकिन चाय, नाश्ता कर वापस चले जाएं।’
‘एनडीए के वोटों में से कितने चीरहरण हुए, इसका कोई भी उचित कारण नहीं है। सुरी और कलवार समाज के आधे से अधिक वोट कट गए, क्या कारण है बताइए? कुशवाहा समाज के वोट अचानक कट गए। यह सब तो एनडीए के वोट थे, लेकिन आखिर क्यों कट गए?’
‘क्या कुशवाहा समाज इतना स्वार्थी हो गया है। इस समाज से सरकार में बीजेपी से डिप्टी सीएम हैं। उपेंद्र कुशवाहा अगर जीत गए होते तो आज केंद्रीय मंत्री बन गए होते। कुशवाहा समाज से कोई पांच या सात लोग भी एमपी बन जाते तो सीतामढ़ी को उसका क्या फर्क पड़ जाता? क्या सीतामढ़ी के कुशवाहा समाज के लोग उनसे काम करवाने जाते? उनकी सोच कितनी विकृत हो गई है।’
‘मेरे पास एक मुस्लिम समाज के शख्स कुछ काम कराने के लिए आए थे, लेकिन हमने स्पष्ट कह दिया कि आपने तो लालटेन को वोट दिया होगा, इसलिए आए हैं तो चाय नाश्ता कीजिए और चलते बनिए, आपका काम नहीं करेंगे।’
जानिए अब गिरिराज ने क्या कहा-
पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए गिरिराज ने कहा कि देवेश चंद्र ठाकुर को तो बहुत देर बाद ये एहसास हुआ। मैं तो यह 2014 से ही झेल रहा हूं। मुझे तो लगता है कि ये जहर मस्जिद और मदरसा के जरिए समाज को तोड़ने के लिए बोया जा रहा है। ये लोग देश को गजवा-ए-हिंद बनाना चाहते हैं।
इससे पहले मंगलवार को भी गिरिराज ने सवाल उठाते हुए कहा था कि एनडीए और भाजपा को वोट नहीं देने वाले मुसलमानों का हम निजी काम क्यों करेंगे? उन्होंने मंगलवार को बेगूसराय में संबोधित करते हुए कहा कि सांसद देवेश चंद्र ठाकुर को पीड़ा है कि उन्होंने सबके लिए काम किया, लेकिन मुसलमानों ने उन्हें एक भी वोट नहीं दिया। बल्कि, एनडीए को ही वोट नहीं किया।














