खबर टीम इंडिया की। सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर 3’ बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है। सलमान खान और कटरीना कैफ की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी के झंडे गाड़ते हुए दहाड़ रही है। तीन दिनों में इस फिल्म ने दुनिया भर में 241 करोड़ से अधिक की कमाई कर डाली है। इतना ही नहीं, देश में ‘टाइगर 3’ ने तीसरे दिन भी ओपनिंग डे के लगभग बराबर ही कमाई की है। इसके साथ ही ये साल की तीसरी ऐसी फिल्म है, जिसने दो दिन में 100 करोड़ के आंकड़े को पार किया था। सलमान की फिल्म फैंस के लिए बेस्ट दिवाली गिफ्ट साबित हुई है। 12 नवंबर को ब्लॉकबस्टर ओपनिंग के बाद अब टाइगर 3 ने दूसरे और तीसरे दिन उससे भी ज्यादा धुआंधार कमाई की है।
शाहरुख की जवान से रही पीछे, ये थी वजह
टाइगर 3 के शुरुआती तीन दिनों के आंकड़ों की तुलना अगर शाहरुख खान की ‘जवान’ की कमाई से करें तो ये कमाई से पीछे छूट गई है। इसकी एक बड़ी वजह यह भी है कि एटली के डायरेक्शन में बनी ‘जवान’ को साउथ इंडिया में भी जबरदस्त रेस्पॉन्स मिला था। इसके अलावा दिवाली की जगह ये फिल्म अगर शुक्रवार को रिलीज हुई होती तो आंकड़े आज कुछ और होते। आपको बता दें कि सलमान खान और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म ‘टाइगर 3’ इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक थी और कमाई के मामले में ये वैसा ही परफॉर्म कर रही है जैसी इससे लोगों को उम्मीद थी। हालांकि इसके बावजूद हर दिन ये मूवी कमाई के मामले में रिकॉर्ड बना रही है और रिकॉर्ड तोड़ भी रही है। इस साल रिलीज हुई सनी देओल की ‘गदर 2’ के पहले दिन के कलेक्शन का रिकॉर्ड ‘टाइगर 3’ ओपनिंग डे पर ही ध्वस्त कर चुकी है।
सलमान-कैटरीना ने फिल्म को बनाया ब्लॉकबस्टर!
‘टाइगर 3’ में सलमान खान के साथ कैटरीना कैफ ने जमकर एक्शन और स्टंट सीक्वेंस किए हैं। इससे पहले दोनों की जोड़ी ‘एक था टाइगर’ और ‘टाइगर जिंदा है’ में धमाल मचा चुकी है। टाइगर 3 अगर इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही, तो बेशक ये सलमान और कटरीना के फिल्मी करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन सकती है। ‘टाइगर 3’ में इमरान हाशमी विलन के रोल में हैं। मनीष शर्मा निर्देशित ‘टाइगर 3’ यशराज की स्पाई यूनिवर्स की फ्रेंचाइजी फिल्मों की पांचवीं किश्त है। सलमान-कटरीना की फिल्म को लोग त्योहार की तरह सेलिब्रेट कर रहे हैं, थिएटर्स में जश्न जैसा माहौल बन चुका है। टाइगर ने लोगों को सीट्स से खड़े होकर डांस करने पर मजबूर कर दिया है। फिल्म में शाहरुख खान का कैमियो फैंस को क्रेजी कर रहा है, टाइगर 3 कुल-मिलाकर एक धमाकेदार एंटरटेनर फिल्म है।














