खबर टीम इंडिया की। वनडे वर्ल्डकप 2023 में भारत का विजयी अभियान जारी है। लगातार छठवीं जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है। भारत ने डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड को 100 रनों के अंतर से हराया। इस जीत में भारत के गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई तो वहीं इंग्लैंड के बल्लेबाजों का खराब प्रर्दशन इस मैच में भी जारी रहा। बुमराह-शामी ने मिलकर इंग्लैंड के 7 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 230 रन बनाए, वहीं इंग्लैंड 130 रनों पर ऑलआउट हो गई।
क्या रहे मैच के टॉप मोमेंट्स
लखनऊ के इकाना स्टेडियम में टीम इंडिया ने टॉस हारकर बल्लेबाजी की और 50 ओवर में 9 विकेट पर 229 रन बनाए। 230 रन का टारगेट चेज करने उतरी इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर में 129 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। मैच में विराट कोहली, जो रूट और बेन स्टोक्स अपना खाता नहीं खोल सके। वहीं, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी ने लगातार 2 बॉल पर 2 विकेट लिए और हैट्रिक चांस मिस कर दिया। जबकि, लिविंगस्टन कैच लेने में इंजर्ड हो गए।
रोहित के शानदार 87, एक बार मिला जीवनदान
16वें ओवर में भारत के कप्तान रोहित शर्मा को जीवनदान मिला। इंग्लैंड के मार्क वुड गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की पांचवी बॉल वुड ने गुड लेंथ फेंकी, रोहित ने लेग साइड पर खेलना चाहा, लेकिन बॉल उनके पैड पर लग गई। विकेटकीपर जोस बटलर और बॉलर मार्क वुड ने LBW की अपील की और अंपायर ने रोहित को आउट दे दिया। रोहित ने केएल राहुल से चर्चा की और रिव्यू ले लिया। रिव्यू में दिखा कि बॉल लेग स्टंप को मिस कर रही थी। फील्ड अंपायर ने अपना फैसला बदला, रोहित नॉटआउट रहे। वह इस वक्त 33 रन बनाकर खेल रहे थे, उन्होंने 87 रन बनाए।














