दिल्लीन्यूज़

कोरोना से अनाथ हुए बच्चों को मिलेगी पेंशन, दिल्ली सरकार ने खोल दिया मदद का पिटारा

कोरोना संक्रमण की मार खाए लोगों के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 4 बड़े ऐलान कर सबको चौंका दिया है। इनमें मुफ्त राशन, कोरोना से हुई मौत पर मुआवजा और प्रभावित परिवारों को पेंशन जैसी राहत दी जाएगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमें भरोसा है कि इन घोषणाओं से लोगों को काफी राहत मिलेगी।

पहला ऐलान: मुफ्त राशन
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार 72 लाख लोगों को 5 किलो राशन देती है, इस महीने यह राशन मुफ्त मिलेगा। 5 किलो दिल्ली सरकार देगी और 5 किलो प्रधानमंत्री योजना के तहत यानी कुल 10 किलो राशन मुफ्त मिलेगा। ऐसे कई लोग हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं हैं। इन्हें भी राशन दिया जाएगा। पिछली बार भी हमने ऐसा ही किया था और इस बार भी ऐसा ही कर रहे हैं। जो राशन मांगेगा, उसे राशन देंगे।

दूसरा ऐलान: मुआवजा
ऐसे कई लोग हैं जिनकी मृत्यु कोरोना संक्रमण के चलते हुई है। हम मुसीबत की घड़ी में ऐसे लोगों के परिवारों को थोड़ी राहत पहुंचा सकते हैं। जिन लोगों की जान कोरोना से गई है, उनके परिवारों को 50 हजार रुपये का मुआवजा मिलेगा।

तीसरा ऐलान: पेंशन
कई ऐसे परिवार हैं, जिनके घर में कमाने वाले की ही संक्रमण से मौत हो गई है। ऐसे परिवारों को 50 हजार मुआवजे के साथ ढाई हजार रुपए महीना पेंशन भी दी जाएगी।

चौथा ऐलान: अनाथ बच्चों की मदद
कोरोना के चलते जिन बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है, उन्हें 2,500 रुपए महीने दिए जाएंगे। ये मदद उन्हें 25 साल की उम्र तक मिलती रहेगी। इसके अलावा उन्हें मुफ्त शिक्षा भी दी जाएगी।

भ्रष्टाचार कम कर जो पैसे बचाए, उससे घोषणाएं पूरी करेंगे- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा- दिल्ली सरकार ने ईमानदारी से काम किया और भ्रष्टाचार को कम किया है। जो पैसा भ्रष्टाचार कम होने की वजह से बचा है, उसी से ये घोषणाएं पूरी की जाएंगीं। लॉकडाउन से लोगों का रोजगार खत्म हुआ है। बहुत से ऐसे लोग हैं, जिनके घरों में अपनों की मौत हो गई है। कमाने वालों की जान चली गई है। बच्चे अनाथ हुए हैं, बुजुर्ग अकेले हो गए हैं। ऐसे लोगों को घोषणाओं से राहत मिलेगी।

Related Posts

1 of 817

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *