चुनाव

बहानेबाजी में नंबर-1 है केजरीवाल, दिल्ली में गरजे अमित शाह, AAP सरकार पर कसा तंज

उमाकांत त्रिपाठी।विधानसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में रोड शो, राजनीतिक रैलियों और जनसभा कर भाजपा धुंआधार प्रचार कर रही है। प्रधानमंत्री से लेकर पूरी केंद्रीय कैबिनेट के मंत्री दिल्ली की सड़कों पर रोड शो कर वोट की अपील कर रहे हैं। इस कड़ी में केंद्र गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रोहिणी से भाजपा विधानसभा प्रत्याशी विजेंदर गुप्ता के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। गृह मंत्री ने अपने संबोधन में अरविंद केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल हार देखकर बौखला गए हैं। केजरीवाल झूठ बोलने और बहाने बनाने में नंबर वन हैं।

केजरीवाल बताएं यमुना में कौन सा जहर?
मैं केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि चुनाव जीतने के लिए झूठ बोलना बंद करो। ये कहते हैं कि भाजपा वालों ने दिल्ली वालों को परेशान करने के लिए हरियाणा से यमुना जी के जल में जहर मिलाया है। अरे, केजरीवाल जी कौनसा जहर मिलाया है, कौनसी लेबोरेटरी में आपने टेस्ट कराया है, उसका नाम बताइए। आप कह रहे हैं कि जहर मिलाया हुआ पानी आपने रोक दिया। अरे, यमुना का पानी रुकता है तो गांवों में बाढ़ आती है। लेकिन, आप बताइए दिल्ली के किसी गांव में बाढ़ आई है क्या? दिल्ली में हजारों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। 5 तारीख को दिल्ली की जनता के सामने आप को हटाकर मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनाने का मौका है।

‘केजरीवाल के शीश महल के शीशे टूट जाएं’
शाह ने आगे कहा कि- दिल्ली की जनता को कमल के निशान पर बटन दबाना है और भाजपा सरकार बनानी है। बटन इतने जोर से दबाना है कि- केजरीवाल के ‘शीश महल’ के शीशे टूट जाएं। हमारी सरकार बनी तो दिल्ली सुंदर बनेगी, कूड़े के पहाड़ खत्म हो जाएंगे, दिल्ली को भ्रष्टाचार से मुक्त करेंगे, सड़कों और गलियों की शानदार सफाई भी करेंगे और साथ में जल प्रबंधन भी हम करेंगे।

‘यमुना को प्रदूषित करके, प्रदूषित पानी पीने के लिए दिल्ली को मजबूर किया’
गृह मंत्री ने हमला बोलते हुए कहा कि केजरीवाल, चुनाव में अपनी हार को जान गए हैं, इसलिए इतनी हल्की राजनीति कर रहे हैं। केजरीवाल जी आपने यमुना को प्रदूषित करके, प्रदूषित पानी पीने के लिए दिल्ली को मजबूर किया है और आपने पानी के शुद्धिकरण, सड़कों की सफाई और जल बोर्ड के स्वच्छ पानी देने के सारे पैसे आप के भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिए हैं।

आप का मतलब है – झूठ, फरेब और धोखा
इन्होंने कहा था कि हम रिहायशी इलाकों से शराब की दुकान बंद करेंगे। केजरीवाल जी, रिहायशी इलाके तो छोड़िए आपने तो स्कूल और मंदिरों के पास भी शराब की दुकानें खोलने का काम किया। हजारों करोड़ का शराब घोटाला किया। इन्होंने (केजरीवाल ने) कहा था कि- हम यमुना के पानी को लंदन की थेम्स नदी जैसा बना देंगे, मैं आकर डुबकी लगाऊंगा। केजरीवाल जी, आज तक आपने डुबकी क्यों नहीं लगाई? इन्होंने कहा था कि- अस्पताल के कमरे दोगुना करेंगे। कमरा तो एक भी नहीं बढ़ा, लेकिन इन्होंने दिल्ली वालों का 5 लाख तक का फ्री इलाज भी (जो मोदी जी देते हैं) रोकने का काम किया। दिल्ली वालों आप भाजपा की सरकार बना दो, पहली कैबिनेट में दिल्ली वालों का 10 लाख तक का ऑपरेशन सहित मुफ्त इलाज करवाने का काम भाजपा करेगी।

500 में LPG और होली-दिवाली पर एक-एक सिलेंडर मुफ्त देंगे
हमने तय किया है कि भाजपा सरकार बनने के बाद, हर महीने की 5 तारीख से पहले हर माता-बहन को 2,500 रुपये सीधे उनके बैंक खाते में देने का काम करेंगे। हर गर्भवती महिला को हमारी सरकार 21,000 रुपये देगी। 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर मिलेगा और दीपावली एवं होली में एक-एक सिलेंडर मुफ्त मिलेगा।

Related Posts

ओमीक्रोन एंटीबॉडी से बच सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आपके पास प्रतिरक्षा नहीं है

कोरोना वायरस का ओमीक्रोन स्वरूप तेजी से फैल रहा है। ऐसे में, लोग जानना चाहते हैं…

दिल्ली विधानसभा चुनाव: इंतजार होगा खत्म, PM मोदी को भेजी 70 उम्मीदवारों की लिस्ट, जल्द होगा ऐलान

उमाकांत त्रिपाठी।दिल्ली के चुनावी दंगल के लिए सभी पार्टियों ने कमर कस ली है। आपस…

1 of 10

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *