खबर इंडिया की।चंदौली में SDM पति-पत्नी अनुपम मिश्रा और दिव्या ओझा का घरेलू विवाद उलझता जा रहा है। दिव्या के पिता ने एफआईआर में अनुपम पर नपुंसक होने के आरोप लगाए हैं। SDM अनुपम मिश्रा की मां शशि मिश्रा से दैनिक भास्कर ने बात की। इस दौरान शशि मिश्रा ने कई चौंकाने वाले दावे किए।उन्होने बताया- बेटे अनुपम ने लव मैरिज की थी। दहेज की तो कोई बात ही नहीं है। उल्टा हमने लाखों के जेवर और कार बहू को दी। दिव्या हमारे साथ मारपीट करती थी। उसने मेरे ऊपर तेजाब फेंका था। रही बात नपुंसक होने की, तो 6 साल साथ रहने के बाद उसे पता चला कि पति नपुंसक है?
आरोप 1- दहेज की मांग
शादी तय होते ही अनुपम और उनके घरवालों ने दहेज मांगा। शुरुआत में 20 करोड़ रुपए की मांग थी। मना किया तो घटते-घटते 1 करोड़ रुपए कैश, 5-स्टार होटल में शादी और फॉर्च्यूनर कार की डिमांड हुई। हमने सगाई से पहले 10 लाख रुपए खाते में दिए। शादी होने के बाद 28 लाख कैश, 40 लाख के गहने और 7 लाख का सामान देना पड़ा।शशि मिश्रा का जवाब- बेटे ने लव मैरिज की थी, तो दहेज की कभी बात ही नहीं हुई। उल्टा हमने ही शादी में बहू को जेवर दिए थे। आज उनकी कीमत 40 लाख के करीब होगी। सारे जेवर बहू साथ ले गई।
आरोप 2- हत्या की कोशिश
मनचाहा दहेज न मिलने पर बेटी दिव्या को शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दी गई। 7 दिसंबर, 2025 की रात 2 बजे अनुपम ने अपनी मां के साथ मिलकर दिव्या पर जानलेवा हमला किया।
शशि मिश्रा का जवाब- न मैंने और न बेटे ने कभी बहू पर हाथ उठाया। वही मुझे, अनुपम और अनुपम के पापा को मारती थी। मैं उसकी सेवा करती थी, हाथ-पैर दबाती थी। वो चाहती थी कि बेटा मेरे साथ न रहे। कहती थी अपने मां-बाप को वृद्धाश्रम भेज दो। सर्दियों में घर में ताला लगा देती थी। हम सब ठंड में बाहर रहते थे।
7 दिसबंर की रात बहू ने मुझे तेजाब की बोतल फेंककर मारी। गनीमत रही कि तेजाब जमीन पर गिरा, लेकिन शीशी के टुकड़े मेरे चेहरे और हाथ में धंस गए। PHC चंदौली में इलाज हुआ। 2 इंच का घाव हुआ था मुझे, रिपोर्ट भी है।अगले दिन बहू और उसके पिता ने 4-5 लोगों के साथ घर पर तोड़फोड़ की। मुझे और बेटे को मारा। दिव्या के पिता ने मुझे धक्का देकर गिरा दिया, गला दबाने की कोशिश की।इसके बाद 40 लाख कीमत के जेवर और और बेटे का पासपोर्ट उठा ले गए। हमने चंदौली के अलीनगर थाने में शिकायत की थी, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद मेरे बेटे ने इलाहाबाद फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी लगा दी।
आरोप 3- अनुपम जन्मजात नपुंसक है
अनुपम जन्मजात नपुंसक है। यह बात शादी के दौरान हमसे छुपाई गई। बेटी जब वंश बढ़ाने और इलाज की बात करती थी, तो उसे पीटा जाता था। दिव्या की नौकरी छुड़ाकर घर बिठा देने की धमकी दी जाती थी।शशि मिश्रा का जवाब- शादी के 6 साल तक दिव्या को पता नहीं लगा कि वह नपुंसक है? दोनों लेह-लद्दाख, नैनीताल, मसूरी वगैरह घूमने जाते थे। साथ में समय बिताते थे, दोनों खूब खुश थे। कहीं से नहीं लगता था कि वो बेटे के साथ खुश नहीं है। अब 6 साल बाद दिव्या के पिता मेरे बेटे पर इतना घटिया आरोप लगा रहे हैं।














