उमाकांत त्रिपाठी।आज राज्यसभा की 12 सीटों पर उपचुनाव में भाजपा के 9 और सहयोगी दलों के दो सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए। कांग्रेस को एक सीट निर्विरोध मिली है। राज्यसभा में अब NDA के 112 मेंबर्स हो गए हैं।राजस्थान से भाजपा के रवनीत सिंह बिट्टू, हरियाणा से किरण चौधरी, मध्यप्रदेश से जॉर्ज कुरियन, बिहार से मनन कुमार मिश्रा बिना विरोध के जीत गए हैं। असम में बीजेपी उम्मीदवार रामेश्वर तेली और मिशन रंजन दास को विजेता घोषित किया गया है। महाराष्ट्र से धैर्य शील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्जी विजेता घोषित किए गए हैं।NCP (अजित पवार गुट) के नितिन पाटिल महाराष्ट्र से निर्वाचित हुए और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाह बिहार से निर्विरोध जीते हैं।तेलंगाना से कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी निर्विरोध चुने गए। इससे राज्यसभा में पार्टी के सदस्यों की संख्या 85 हो गई।
राज्यसभा में NDA को मिला बहुमत
राज्यसभा में 245 सीटें हैं, हालांकि वर्तमान में आठ सीटें चार जम्मू-कश्मीर से और चार मनोनीत की सीटें खाली हैं। सदन की मौजूदा सदस्य संख्या 237 के साथ बहुमत का आंकड़ा 119 है। आज की 11 सीटों की जीत के साथ NDA 112 सीटों तक पहुंच गया है। NDA को छह नामांकित और एक निर्दलीय सदस्य का भी समर्थन प्राप्त है। यानी NDA को राज्यसभा में बहुमत मिल गया है।
महाराष्ट्र की एक सीट पर 3 सितंबर को राज्यसभा उपचुनाव होना है।
बिहार से उपेंद्र कुशवाहा और मनन मिश्रा: बिहार से राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा के मनन कुमार मिश्रा राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुन लिए गए हैं। मंगलवार को राज्यसभा उपचुनाव के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तारीख थी। इन दोनों के अलावा किसी ने भी नामांकन नहीं किया। इसलिए नाम वापसी का समय समाप्त होने के बाद उन्हें जीत का सर्टिफिकेट विधानसभा सचिव की ओर से दे दिया गया।राज्यसभा में उपेंद्र कुशवाहा का 2 साल, जबकि मनन मिश्रा का 4 साल कार्यकाल रहेगा। राजद नेत्री मीसा भारती और बीजेपी नेता विवेक ठाकुर का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद ये दोनों सीटें खाली हुईं थी। अब राज्यसभा में बिहार से एनडीए का 10 सीटों पर कब्जा हो गया है। अभी बिहार में राज्यसभा की 16 सीटें हैं। पूरी खबर पढ़ें …
एमपी से जॉर्ज कुरियन: केंद्रीय मंत्री और एमपी से बीजेपी के राज्यसभा प्रत्याशी जॉर्ज कुरियन निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बीजेपी के डमी प्रत्याशी कांतदेव सिंह के नाम वापसी के बाद कुरियन को निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र रिटर्निंग अधिकारी और विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने सौंपा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा इस मौके पर मौजूद रहे। .
हरियाणा से किरण चौधरी: हरियाणा में भाजपा की राज्यसभा उम्मीदवार किरण चौधरी निर्विरोध सांसद चुन ली गई हैं। मंगलवार को उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर साकेत कुमार ने राज्यसभा सीट से निर्विरोध सांसद का प्रमाण पत्र दिया।
राजस्थान से रवनीत बिट्टू: केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राज्यसभा सांसद बन गए हैं। मंगलवार को राज्यसभा उपचुनाव के नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख थी। इसके बाद परिणाम घोषित कर दिए गए। रवनीत सिंह के खिलाफ मैदान में कांग्रेस ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था।














